
ब्यावरा। किसानों के हर संकट में प्रदेश एवं केन्द्र सरकार साथ खड़ी है. हमारी सरकारों ने किसानों एवं हर वर्ग के हितो की चिंता करते हुए सभी का सम्मान किया है. कांग्रेस शासनकाल में किसानों को होने वाली परेशानियां किसी से छुपी नहीं है. आज प्रदेश एवं केन्द्र सरकार किसानों के हर दु:ख, सुख में उनके साथ खड़ी हुई है. आज जब प्राकृतिक प्रकोप से किसानों की फसल को नुकसान हुआ है तो शासन ने दिल खोलकर फसल क्षति राहत राशि दी है. किसानों को कोई चिंता करने की जरुरत नहीं है. किसान सम्मान निधि के रूप में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा 6-6 हजार रुपए की राशि देने का कार्य किसानों का सम्मान है.
उक्त बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने ब्यावरा में नवीन दशहरा मैदान पर आयोजित फसल क्षति राहत राशि के वितरण एवं विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के अपने उद्बोधन में कही. इस अवसर पर राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक अमर सिंह यादव, हजारीलाल दांगी, मोहन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती लीलादेवी कुशवाह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधाबाई गुर्जर सहित जन प्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, आमजन उपस्थित रहे.
किसानों को दीपावली मनाने धन की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के देश में किसानों को दीपावली का त्यौहार अच्छे से मनाने के लिए राज्य सरकार के पास कोई कमी नहीं है. राजगढ़ जिले के लिए आज धनतेरस के दिन लगभग 500 करोड़ रुपए की सौगात मिल रही है यह प्रदेश भर में बड़ी उपलब्धि है.
मुख्यमंत्री डा. यादव ने जिले के प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के खातों में 277 करोड़ की राहत राशि अंतरित की तथा 226.81 करोड़ रूपये की योजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया. इनमें 33 करोड़ रूपये लागत की ब्यावरा नगर जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन एवं 193 करोड रूपये लागत के 41 विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण शामिल है.
राजगढ़ जिले की तस्वीर बदली
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश तरक्की कर रहा है. आकांक्षी जिले के माध्यम से राजगढ़ की तस्वीर बदल गई है. जब से हमारी सरकार बनी है पूरे क्षेत्र में विकास की धारा बह रही है. पहले खेती और पानी की किल्लत से जूझना पड़ता था. अब प्रदेश में सिंचाई का रकबा इतना बढ़ गया है कि हर खेत को सिंचाई के लिए पानी मिल रहा है. उन्होंने कहा कि सूखे खेतों में समय पर पानी मिल जाए तो फसल सोने की हो जाती है. राजगढ़ जिले में बड़े-बड़े डेम की सौगात मिली है. सिंचाई के अपार साधन होने से जिला विकास की दौड़ में बहुत आगे है.
प्रदेश की बिजली से दिल्ली की मेट्रो चल रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब बिजली आने का इंतजार करना पड़ता था. आज प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है. हमारे यहां की बिजली से दिल्ली की मेट्रो चल रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 का कलंक मिटा दिया है.
झलकियां
मुख्यमंत्री ने हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल तक रोड शो करते हुए सडक़ के दोनों और खड़े लोगों पर पुष्पवर्षा की.
कार्यक्रम स्थल के यहां गौवंश की पूजा की तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया. मंच पर कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की. मुख्यमंत्री डा.यादव ने श्री नरेंद्र मोदी स्वयंसेवक से प्रधान सेवक पुस्तक का विमोचन किया.
ये की घोषणाएं
नगर पालिका ब्यावरा एवं नगर परिषद सुठालिया को विकास कार्यों के लिए 10 -10 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की.
ब्यावरा में अतिरिक्त कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनाने, ब्यावरा में पीपल चौराहे से राजगढ़ बायपास चौराहा तक रोड चौड़ीकरण व उन्नयन तथा सुठालिया रोड का उन्नयन और चौड़ीकरण किए जाने की घोषणा की. गिंदौरहाट, सेमलापार और बैरसिया हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी में उन्नयन किया जाएगा.
इंकाईयों को रोका
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायकगण सहित इंका नेता, कार्यकर्ता वहां पहुंचे तथा मुख्यमंत्री से मिलकर नगर की कुछ समस्याओं, मांगो को लेकर ज्ञापन देना चाहा किंतु पुलिस द्वारा इसकी अनुमति न देने पर प्रवेश द्वार के यहां ही इंकाईयों को बलपूर्वक रोक दिया गया. कहासुनी और झड़प हो गई.
ज्वलंत समस्याओ को लेकर ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओ को हिरासत में लिए जाने के बाद पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी ने कहा की मुख्यमंत्री को हम इस अवसर पर लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन देकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराना चाहते थे लेकिन पुलिस ने तानाशाही बताते हुए मुझे व मेरे साथ पूर्व विधायक पुरुषोत्तम दांगी व विजय सिंह सोंधिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना भार्गव, ब्लाक अध्यक्ष महेन्द्र यादव एवं चेन सिंह गुर्जर तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओ को हिरासत मे लेकर लोकतांत्रिक अधिकार का हनन किया है. साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष चन्दर सिंह जो कि कार्यक्रम के शासन द्वारा निर्धारित अतिथि थे उनको भी हिरासत में लेकर प्रशासन और पुलिस ने यह बता दिया कि कांग्रेस द्वारा जनता के हक की आवाज उठाना उन्हें बर्दाश्त नहीं है. मुआवजा वितरण पर कांग्रेस निगरानी करेगी और किसी भी अन्याय की दशा में कांग्रेस किसानों के हक की लड़ााई लड़ेगी.
