मिर्जापुर: द मूवी का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज

मुंबई, 03 अगस्त (वार्ता) अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पहला गीत ‘दो नंबरी’ सोमवार को रिलीज कर दिया गया। इस गाने को हरियाणवी रैपर धांडा न्योलीवाला ने गाया, लिखा और संगीतबद्ध किया है। इसके साथ ही उन्होंने बॉलीवुड में अपने संगीत करियर की शुरुआत भी की है।दमदार हरियाणवी बीट्स और ऊर्जावान अंदाज से सजा ‘दो नंबरी’ फिल्म की अपराध, सत्ता संघर्ष और दबंगई से भरी दुनिया की झलक पेश करता है। मेकर्स का कहना है कि यह गीत फिल्म के माहौल और किरदारों की बेबाक छवि को प्रभावी ढंग से सामने लाता है। मेकर्स ने बताया कि फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर 11 अगस्त को जारी किया जाएगा। इससे पहले रिलीज हुए टीजर को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था, जिसके बाद फिल्म को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ की कहानी को पहली बार बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है। फिल्म में अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसका निर्माण किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी सह-निर्माता हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Next Post

मराठी जी 5 पर 07 अगस्त को स्ट्रीम होगी 'तुम्बाडची मंजुला'

Mon Aug 3 , 2026
मुंबई, 03 अगस्त (वार्ता) वर्ष 2026 की चर्चित मराठी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘तुम्बाडची मंजुला’ का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 07 अगस्त को मराठी जी5 पर होगा।विविध कोरगांवकर के निर्देशन में बनी और जी स्टूडियोज़ द्वारा निर्मित इस फिल्म में जितेंद्र जोशी, ओम भुटकर, मकरंद अनासपुरे, सई ताम्हणकर और उषा नाडकर्णी ने प्रमुख […]

You May Like