मराठी जी 5 पर 07 अगस्त को स्ट्रीम होगी ‘तुम्बाडची मंजुला’

मुंबई, 03 अगस्त (वार्ता) वर्ष 2026 की चर्चित मराठी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘तुम्बाडची मंजुला’ का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 07 अगस्त को मराठी जी5 पर होगा।विविध कोरगांवकर के निर्देशन में बनी और जी स्टूडियोज़ द्वारा निर्मित इस फिल्म में जितेंद्र जोशी, ओम भुटकर, मकरंद अनासपुरे, सई ताम्हणकर और उषा नाडकर्णी ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। सिनेमाघरों में सराहना बटोरने के बाद अब यह फिल्म ओटीटी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। फिल्म की कहानी केशव नामक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मजाक में यह झूठ बोल देता है कि उस पर मंजुला नाम की आत्मा का साया है। इसके बाद पूरे गांव में अंधविश्वास, अफवाहों और अप्रत्याशित घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है। हास्य, रहस्य और भावनात्मक घटनाओं से भरपूर यह फिल्म सामाजिक रूढ़ियों और मानवीय संवेदनाओं को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करती है।

जी मराठी एवं मराठी जी5 की बिजनेस हेड हेमा वी.आर. ने कहा कि ‘तुम्बाडची मंजुला’ डर, रोमांच और हास्य से भरपूर ऐसी फिल्म है, जो पूरे परिवार का मनोरंजन करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ओटीटी पर भी इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा। निर्देशक विविध कोरगांवकर ने कहा कि फिल्म का उद्देश्य मनोरंजन के साथ दर्शकों को समाज की परंपराओं और रूढ़िवादी सोच पर विचार करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सिनेमाघरों में मिले शानदार प्रतिसाद के बाद अब यह फिल्म जी5 के माध्यम से और अधिक दर्शकों तक पहुंचेगी। अभिनेता जितेंद्र जोशी ने कहा कि केशव का किरदार एक छोटे-से झूठ से पैदा होने वाली उथल-पुथल को रोचक ढंग से प्रस्तुत करता है। वहीं अभिनेत्री सई ताम्हणकर ने कहा कि फिल्म की सबसे बड़ी खूबी हास्य, डर और भावनाओं के बीच संतुलन है, जो इसे पूरे परिवार के साथ देखने योग्य बनाता है।

Next Post

अमेज़न प्राइम वीडियो के 'वी गॉट यू गर्ल' के सेट पर बर्खा सिंह ने मनाया जन्मदिन

Mon Aug 3 , 2026
मुंबई, 03 अगस्त (वार्ता) अभिनेत्री बर्खा सिंह ने अपना जन्मदिन किसी अवकाश या निजी जश्न के बजाय काम के प्रति अपने समर्पण के साथ मनाते हुए अमेज़न प्राइम वीडियो के आगामी रियलिटी शो ‘वी गॉट यू गर्ल’ के सेट पर बिताया।’क्रिमिनल जस्टिस 4′ और ‘द सबरमती रिपोर्ट’ में अपने अभिनय […]

You May Like