दतिया: दतिया में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया. सगाई की खुशी मना रहे चार दोस्तों पर बदमाशों ने बीच सड़क अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस सनसनीखेज वारदात में 24 वर्षीय विशाल कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ है. पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दो मुख्य आरोपी अभी फरार हैं. बीच सड़क पर हुई अंधाधुंध फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई है और इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है.
मामला दतिया शहर की सिद्धार्थ कॉलोनी का है. खिरिया खोड़न निवासी रोहित यादव अपनी सगाई के बाद दोस्तों विशाल कुशवाहा, आनंद यादव और राजा खान के साथ पार्टी मनाने निकले थे. रात करीब 8 बजे चारों दोस्त कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी एक काली स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी. स्कॉर्पियो से उतरे छह बदमाशों ने कार को चारों ओर से घेर लिया और राइफल व पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग में विशाल कुशवाहा के सिर और सीने में गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित यादव भी घायल हुआ.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने रोहित यादव की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश घटना की वजह के रूप में सामने आई है।
