सीहोर में 12 वीं का परिणाम रहा बेहतर, 10 वीं में हल्की गिरावट

सीहोर। जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम इस वर्ष भी चर्चा में रहे. 12वीं (हायर सेकेंडरी) का परीक्षा परिणाम लगातार तीसरे साल बेहतर रहा है. पिछले वर्ष जहां जिले का परिणाम 82.92 प्रतिशत था, वहीं इस बार इसमें लगभग 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 86.47 प्रतिशत पहुंच गया. प्रदेश स्तर पर भी सीहोर की स्थिति में सुधार हुआ है और जिले की रैंक एक स्थान ऊपर आकर 11वीं हो गई है.

12वीं की परीक्षा में जिले के कुल 16,101 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 11,192 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की. खास उपलब्धि यह रही कि जिले के 4 विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया. गणित संकाय में श्लोक प्रजापति ने 98.6 प्रतिशत (500 में से 493 अंक) प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया. वहीं जीव विज्ञान समूह में आष्टा की प्रिंसी विश्वकर्मा ने पांचवां स्थान, सिद्धीकगंज की हर्षिता जैन ने कला संकाय में नवां स्थान तथा बिलकिसगंज की श्रुति मेवाड़ा ने वाणिज्य संकाय में नवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया.

परिणामों में इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा. 12 वीं में बालकों का पास प्रतिशत 84.02 रहा, जबकि बालिकाओं का परिणाम 88.89 प्रतिशत दर्ज किया गया. एक और महत्वपूर्ण तथ्य यह रहा कि इस बार शासकीय स्कूलों का परिणाम निजी स्कूलों से बेहतर रहा. सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 87.97 प्रतिशत रहा, जबकि निजी स्कूलों का परिणाम 84.78 प्रतिशत ही रहा.

वहीं 10वीं (हाई स्कूल) के परिणाम में इस वर्ष हल्की गिरावट देखने को मिली. पिछले वर्ष 88.54 प्रतिशत रहे परिणाम में इस बार 0.64 प्रतिशत की कमी आई और कुल परिणाम 84.90 प्रतिशत रहा। प्रदेश में भी जिले की रैंक एक स्थान नीचे खिसककर सातवें से आठवें स्थान पर पहुंच गई. 10वीं की परीक्षा में कुल 19,778 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें से 12,982 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की. प्रदेश की प्रावीण्य सूची में जिले से केवल एक विद्यार्थी स्थान बना पाया. इटावा जदीद के भव्य कुशवाह ने 500 में से 490 अंक हासिल कर प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया.

इसी तरह 10वीं में भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा. कुल 10,180 छात्रों में से 82.28 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए, 9,598 छात्राओं में से 86.67 प्रतिशत सफल रहीं. हालांकि इस बार प्रावीण्य सूची में जिले की कोई भी छात्रा स्थान हासिल न कर सकी. कुल मिलाकर परीक्षा परिणाम संतोषजनक रहा.

संघर्ष से सफलता तक श्लोक की प्रेरक कहानी

12वीं गणित संकाय में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्लोक प्रजापति की सफलता प्रेरणादायक है. बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले श्लोक के पिता विनोद प्रजापति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. श्लोक ने अपनी मेहनत और लगन से 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया. इससे पहले भी वे 10वीं में 97.6 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश की टॉप-10 सूची में सातवें स्थान पर रह चुके हैं. श्लोक का सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर आईएएस अधिकारी बनना है, ताकि वे समाज और देश की सेवा कर सकें.

हासे. जिले की मैरिट सूची में यह रहे शामिल

प्रथम स्थान- स्वाति मेवाड़ा पता गजराजसिंह मेवाड़ा सीहोर 475 अंक, काजल शर्मा पिता पुरुषोत्तम शर्मा निवासी ब्रिजिश नगर 481 अंक, रानु मेवाड़ा पिता लखनसिंह मेवाड़ा निवासी आष्टा 480 अंक, रामलखन सोंधिया पिता इंदर सिंह सोंधिया निवासी चांदबड़ 474 अंक

द्वितीय स्थान- शिवरंजनी चौहान पिता ब्रिजेश कुमार निवासी बकतरा 486 अंक, अरुषि बुधवंत पिता आशीष कुमार निवासी आष्टा 480 अंक, वैभवी मंत्री पिता श्याम सुंदर मंत्री निवासी सीहोर 476 अंक

तृतीय स्थान- आयुष जाटव पिता दयाराम जाटव निवासी आष्टा 476 अंक, सलोनी दांगी पिता अजबसिंह दांगी चरनाल 476 अंक, पदमा परमार पिता मानसिंह परमार निवासी आष्टा 476 अंक सत्यम सेन पिता मनोज सेन निवासी आष्टा 476 अंक.

हाईस्कूल परीक्षा में जिले की मैरिट में आए छात्र

प्रथम स्थान-गौरव मलिक पिता सागर मलिक निवासी कजलास 489 अंक. द्वितीय स्थान- खुशी परमार पिता श्याम सिंह परमार निवासी सीहोर, बृंदा परमार पिता दिनेश परमार निवासी हीरापुर और दिव्यांशी वर्मा पिता ज्ञानसिंह वर्मा निवासी खेडीपुरा इछावर 488 अंक . तृतीय स्थान -सानिया मंसूरी पिता मुजफ्फर मंसूरी निवासी आष्टा, रिशिका प्रजापति पिता चांदसिंह प्रजापति निवासी अमलाहा, मोहिनी लोधी पिता नरेश लोधी निवासी अहमदपुर और देवेंद्र पुष्पद पिता लखनलाल पुष्पद निवासी चांदबड़ 487 अंक.

Next Post

पुलिस की मौजूदगी में 6 दिन बाद निकाला गया मासूम का शव 

Wed Apr 15 , 2026
नरसिंहपुर। जिले में जगदीश हॉस्पिटल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है, जहां इलाज के दौरान तीन साल की बच्ची की मौत हो गई बच्ची के पिता नीलेश मिश्रा ने प्रशासन और पुलिस से शिकायत कर मामले में जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 5 […]

You May Like