सीधी : मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, रीवा की मुख्य अभियंता प्रमा पांडे ने सीधी वृत्त कार्यालय में सीधी वृत्त के सभी कार्यालय प्रमुखों, सहायक अभियंताओं एवं वितरण केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर राजस्व वसूली एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में राजस्व वसूली, बिलिंग एवं कलेक्शन एफिशिएंसी बढ़ाने, लाइन लॉस कम करने तथा बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अमिलिया एवं बहरी वितरण केंद्रों में अपेक्षाकृत कम राजस्व वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित लक्ष्य और पिछले माह के बैकलॉग को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गलत बिलों के मामलों का तत्काल निराकरण करने तथा सीआरपीयू सहित सभी प्रदर्शन संकेतकों में सुधार लाने पर जोर दिया गया।
मुख्य अभियंता ने 100 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का तीन दिवस के भीतर संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। खराब मीटरों को शीघ्र बदलने, ट्रिपिंग कम करने के लिए आवश्यक रखरखाव कार्य समय पर पूरा करने तथा विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में विद्युत चोरी के प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई, लंबित मामलों के निराकरण, नए प्रकरण दर्ज करने, कुर्की अभियान तेज करने तथा कार्ययोजना के अनुरूप बिल वसूली बढ़ाकर कंपनी के राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश भी सभी अधिकारियों को दिए गए।
