पार्टनर ने सुपारी देकर रेत कारोबारी की करवाई थी हत्या

 

महिला होटल मैनेजर, ड्राइवर सहित तीन दिन रहेगा रिमांड पर

 

जबलपुर। बरगी में हुई रेत कारोबारी नितेश विश्वकर्मा 26 वर्ष निवासी संजय नगर की अंधी हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या पार्टनर ने दस से बीस लाख रूपए के लेनदेन के विवाद पर योजना बनाकर 50-50 हजार देकर होटल मैनेजर और ड्राइवर से करवाई थी। मामले में पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 4 मोबाईल, बोलेरो वाहन एवं नगद 40 हजार रूपए जब्त किए गए है। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें तीन दिन की रिमांड पर पूछताछ के लिए पुलिस ने लिया है।

विदित हो कि संजय नगर निवासी नितेश विश्वकर्मा 24 अगस्त की रात्रि साढ़े आठ बजे घर से इनोवा कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 7482 लेकर कहीं चला गया। 25 अगस्त को परिजनों ने रांझी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 25 अगस्त को बरगी नगर चौकी अंतर्गत कार बरगी डेम केनाल के पास खड़ी मिली थी जबकि 26 अगस्त को नितेश का शव सगड़ा केनाल पुल के नीचे पानी में मिला था। जिसके सिर में चोट, घसीटने के निशान मिले थे। बरगी पुलिस ने मर्ग कायम किया। पीएम के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले को पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने गंभीरता से लिया। जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जितेन्द्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री अंजना तिवारी, तथा नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू के मार्गनिर्देशन में थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में टीम गठित हुई। मामले की जांच पड़ताल के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जिन्होंने अंधी हत्या का खुलासा किया।

दोस्ती से बने पार्टनर, कंपनी बनाई, हाईवा खरीदे, किस्त को लेकर आई दरार-

मामले की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि रमन दीप एवं नितेश विश्वकर्मा दोस्त थे इसके बाद दोनों ने मिलकर कंपनी बनाई जिसमें दोनों पार्टनर थे। उक्त कंपनी के द्वारा दो पुराने सेकंड हैंड हाईवा खरीदे गए थे, वर्ष 2024 में हाईवा खरीदने के बाद पिछले कुछ महीनों से हाईवा बंद थे जिनकी काफी किस्त आ रही थी और पूरी किस्त रमनदीप ही चुका रहा था नितेश कोई भी सहयोग नहीं कर रहा था। 10 से 20 लाख का हिसाब बाकी था । रमनदीप ने नितेश से बोला कि उक्त पैसे चुका दो और हिसाब कर लो किंतु नितेश ने मना कर दिया जिससे दोनों के बीच मनमुटाव और बहस हो गई। धीरे-धीरे मनमुटाव और बढ़ते गया और फिर रमनदीप ने नितेश की हत्या करने का प्लान बनाई।

मैनेजर ने नजदीकी बढ़ाई, कातिल को भेजी लाइव लोकेशन-

रमनदीप ने होटल पसरीचा में इवेंट मैनेजर महिला मित्र मीनाक्षी कपूर और अपने ड्रायवर तौकीर के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। प्लानिंग के तहत मीनाक्षी ने तिनेश से नजदीकी बढ़ाई। इसके बाद वह योजना के मुताबिक 24 अगस्त को मीनाक्षी ने नितेश को होटल बुलाया। घूमने के लिए बरगी डैम गए। बरगी डैम कैनाल के किनारे मीनाक्षी ने अपनी बातों में उलझा कर नितेश को काफी शराब पिला दी और तौकीर को लाइव लोकेशन भेज कर बुलाया। रमनदीप का ड्राइवर तौकीर बुलेरो कैंपर गाडी से नहर किनारे पहुँचा और मीनाक्षी का इशारा पाकर तौकीर ने अपने बोलेरो कैंपर में रखी हुई राड से नीतेश के सिर पर पीछे से वार किया, जब नीतेश बेहोश हो गया तो मीनाक्षी कपूर और तौकीर ने मिलकर नीतेश को नहर में फेंक दिया। इसके लिए रमनदीप ने दोनों को 50-50 हजार रुपए दिए थे।

तीनों कोर्ट में पेश, दो अगस्त तक रिमांड पर

रांझी टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि मुख्य आरोपी रमनदीप सिंह मारवाहा पिता अमरजीत सिंह मारवाहा 29 वर्ष निवासी मस्ताना चौक रांझी, तौकीर खान पिता स्व. याकूब खान 25 वर्ष निवासी दुर्गानगर कुरैशी मार्बल आनंद नगर अधारताल, मिनाक्षी कपूर उर्फ श्रुति पिता स्व. प्रवीण कपूर 22 वर्ष निवासी आजादनगर रावण पार्क रांझी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया तीनों को दो अगस्त तक पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया हैं।

Next Post

फ़िलिस्तीनी राष्ट्रपति अब्बास को संरा महासभा सत्र में भाग लेने से रोका

Sat Aug 30 , 2025
न्यूयॉर्क, 30 अगस्त (वार्ता) अमेरिका की ओर से फ़िलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास और 80 अन्य फ़िलिस्तीनी अधिकारियों के वीज़ा को रद्द करने के बाद उन्हें (श्री अब्बास) को अगले महीने न्यूयॉर्क में होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र में भाग लेने से रोक दिया गया है। फ़ाइनेंशियल टाइम्स की […]

You May Like