
नरसिंहपुर। जिले में जगदीश हॉस्पिटल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है, जहां इलाज के दौरान तीन साल की बच्ची की मौत हो गई बच्ची के पिता नीलेश मिश्रा ने प्रशासन और पुलिस से शिकायत कर मामले में जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को बच्ची को हल्का बुखार और सुस्ती की शिकायत पर परिजन शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने सामान्य बीमारी बताकर इलाज शुरू किया, कुछ जांच कराईं और बच्ची को भर्ती भी किया गया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान बच्ची को कई इंजेक्शन लगाए गए और उसी शाम उसे घर भेज दिया गया।
अगले दिन 6 अप्रैल को बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ और उसे फिर अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि बच्ची को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति सामान्य बताकर दोबारा घर भेज दिया बाद में बच्ची की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमएचओ, थाना प्रभारी और नरसिंहपुर कलेक्टर से शिकायत की मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में आज 6 दिन बाद बच्ची के शव को मुक्तिधाम से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।
नरसिंहपुर कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी,फिलहाल मामले की जांच जारी है।।
