
भैरुंदा। मिलन गार्डन रोड पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने एक पक्ष के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं दूसरे पक्ष के एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है.
पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रोहित और संतोष परते ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उसके जीजा अंकेश पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. इस पर थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. वहीं दूसरे पक्ष के रोहित बिले निवासी धौलपुर की रिपोर्ट पर अंकेश व एक बाल अपचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीहोर रेफर किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी संतोष परते को गिरफ्तार किया. दूसरे पक्ष का एक बाल अपचारी अभिरक्षा में लिया गया है, जबकि आरोपी अंकेश एवं रोहित वर्तमान में अस्पताल में उपचाररत हैं. घायलों के स्वस्थ होने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
