
बुधनी। जहां एक परिवार में शादी की खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहीं उसी समय एक दर्दनाक हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया. शोभापुर के पास स्टेट हाईवे पर अजनेरी झिरमटा मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय दिलीप कीर की मौके पर ही मौत हो गई. दिलीप अपने दो परिजनों के साथ बाइक से पिपरिया जा रहे थे. परिवार में भतीजी की शादी थी और वे लगुन देने के लिए निकले थे. रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े. दिलीप को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. बाइक पर सवार राजकुमार और सतीश कीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया दिलीप कीर एक मिलनसार और शांत स्वभाव के युवक के रूप में जाने जाते थे। खेल जगत, खासकर क्रिकेट में उनकी सक्रियता के चलते युवाओं के बीच उनकी अच्छी पैठ थी.
