
रीवा। जिले के बेला, बैजनाथ और नौवस्ता क्षेत्र में संचालित खनन और स्टोन क्रेशर गतिविधियों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दिन-रात खदानों में ब्लास्टिंग कर पत्थर निकाले जा रहे हैं, जिससे आसपास के गांवों पर असर पड़ रहा है.
बताया जा रहा है कि हाल ही में ब्लास्टिंग के दौरान एक महिला घायल हो गई थी, वहीं कई स्थानों पर मकानों में दरारें आने की भी जानकारी सामने आई है. ग्रामीणों के अनुसार, शाम के बाद खनन गतिविधियां तेज हो जाती हैं और कई किलोमीटर तक इसका प्रभाव महसूस किया जाता है.
क्षेत्र में बंद पड़ी खदानों में भी गतिविधियां देखे जाने की बात कही जा रही है, जबकि यहां से निकाला गया पत्थर स्टोन क्रेशरों तक पहुंचता है. पर्यावरणीय मानकों और सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर भी स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं.
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बस्तियों के आसपास होने वाली ब्लास्टिंग से लगातार असुरक्षा का माहौल बना रहता है और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है. साथ ही, रात के समय भारी वाहनों से पत्थर परिवहन की बात भी सामने आई है.
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके.
