
गायक पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें उन पर जातिसूचक गालियां देने और धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यह शिकायत भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त विग्यान माने ने दर्ज कराई है।
विग्यान माने, जो सांगली के निवासी हैं, ने आरोप लगाया है कि पलाश मुच्छल ने उनसे “नजरिया” नाम की एक फिल्म के लिए 25 लाख रुपये निवेश के तौर पर लिए थे। बदले में उन्हें फिल्म में एक भूमिका देने और फिल्म रिलीज के बाद निवेश राशि के साथ मुनाफा लौटाने का वादा किया गया था। लेकिन माने का दावा है कि यह फिल्म कभी बनी ही नहीं।
शिकायत के अनुसार, जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो पलाश मुच्छल बार-बार टालमटोल करते रहे। बाद में उन्होंने पैसे लौटाने से ही इनकार कर दिया और कहा कि उनका कोई बकाया नहीं है। लगातार कोशिशों के बावजूद जब पैसे नहीं मिले, तो माने ने पुलिस का सहारा लिया।
विग्यान माने ने यह भी आरोप लगाया है कि 22 नवंबर 2025 को सांगली के एक फार्महाउस में हुई मुलाकात के दौरान पलाश मुच्छल ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और अपमानजनक व्यवहार किया। इस आधार पर पुलिस ने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी संदीप भगवत ने पुष्टि की है कि मामले की जांच जारी है। इसमें आर्थिक धोखाधड़ी और जातीय उत्पीड़न दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है।
इससे पहले भी पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना के रिश्ते को लेकर विवाद हुआ था। दोनों की सगाई हो चुकी थी, लेकिन नवंबर 2025 में शादी से ठीक पहले उनका रिश्ता टूट गया था।
