चंद्रशेखर आजाद नगर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का चौथा शिविर आयोजित

आलीराजपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत चंद्रशेखर आजाद नगर के कृषि मंडी परिसर में अभियान के चौथे शिविर का आयोजन कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। यदि किसी कारणवश किसी व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो वह संबंधित विभाग के अधिकारी से संपर्क कर अपनी समस्या का निराकरण करा सकता है। उन्होंने कहा कि शिविर में किसी समस्या का निराकरण नहीं हो पाता है तो उसे जिला स्तर पर बैठकर हल किया जाएगा। जिला स्तर पर भी समाधान नहीं होने पर संभाग स्तर तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भोपाल स्तर पर समस्या का निराकरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति किसी कारणवश इस शिविर में आवेदन नहीं कर पाया है, वह जिले में आयोजित होने वाले किसी भी मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।

मंत्री श्री चौहान ने आजाद नगर क्षेत्र के नागरिकों से कहा कि वार्डों में पेयजल से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपने क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा कमियां पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य को अवगत कराने की अपील की। सुधार नहीं होने पर इसकी जानकारी मुख्यालय तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील भी की।

श्री चौहान ने बताया कि जिले में लगभग 9 हजार हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टों का वितरण किया गया है। उन्होंने किसानों से कहा कि सोसायटियों में खाद्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए वे नियमित रूप से हर माह राशन प्राप्त करें। खाद के लिए फार्मर आईडी बनवाएं, ताकि समय पर खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने जमीन के दस्तावेजों में नाम सुधार एवं संशोधन कराने तथा किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ लेकर कृषि कार्यों में सुधार करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला, पुरुष, बच्चों सहित सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने नागरिकों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

खनिज के लिए बिना सहमति जमीन अधिग्रहण नहीं होगी

कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने कहा कि खनिज संबंधी कार्यों के लिए किसी भी व्यक्ति की जमीन ग्राम पंचायत अथवा संबंधित लोगों की सहमति के बिना अधिग्रहित नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

जनवरी 2027 तक गांव-गांव आयोजित होंगे शिविर

कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे उसके घर तक पहुंचे। किसी योजना का लाभ लेने या समस्या के निराकरण के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का यथासंभव घर बैठे निराकरण हो, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविरों का आयोजन अलग-अलग क्लस्टरों के माध्यम से जनवरी 2027 तक जिले के प्रत्येक गांव के लिए किया जाएगा। शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस शिविर में नगर परिषद चंद्रशेखर आजाद नगर के 77, महिला एवं बाल विकास विभाग के 01, खनिज विभाग के 01, राजस्व विभाग के 03, विद्युत विभाग के 03, लोक निर्माण विभाग के 01, शिक्षा विभाग के 02 तथा पुलिस विभाग के 02 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 23 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम , अपर कलेक्टर श्री सोहन कनाश , पूर्व विधायक श्री माधु सिंह डावर ,समस्त विभाग प्रमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Next Post

भव्य भुजरिया चल समारोह निकला

Sat Aug 29 , 2026
इंदौर। श्री केवटराम सामाजिक जनसेवा समिति द्वारा शनिवार को भव्य भुजरिया चल समारोह निकाला गया। बैंड-बाजे, ढोल-ढमाके, डंडा पार्टी, अखाड़े और सजे-धजे स्वरूप में मातृशक्ति शामिल हुई चल समारोह बक्षीबाग, अहिल्या पल्टन से होते हुए सुभाष मार्ग, इमली बाजार, राजबाड़ा, कृष्णपुरा छत्री से तिलकपथ, रामबाग, केवटेश्वर मंदिर होते हुए बक्षीबाग […]

You May Like