
जबलपुर। शहर में रूके हुए विकास कार्यों, भाजपा के झूठे बजट के आरोपों के साथ ठप्प पड़ी डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था के विरोध में सोमवार को कांग्रेस पार्षद दल द्वारा सभी 16 संभागों में अलग-अलग महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों द्वारा महापौर व सत्ता पक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही कांग्रेसियों द्वारा महापौर मुर्दाबाद, सत्ता के दलालों को जूता मारो सालों को , के नारे लगाकर आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने नगर निगम के सभी अलग-अलग 16 संभागों में महापौर के पुतला दहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन कांग्रेसियों ने महापौर के पुतले को अंतत: जला दिया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने कहा कि शहर के जिस वार्ड में ठेकेदार को टर्मिनेट कर दिया गया है वहां सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमराई है, शहर की अधिकांश सड़के खस्ताहाल हालत में हैं वहीं कई वार्डों में अभी भी पेयजल की समस्या बनी हुई है लेकिन जिम्मेदार नींद से नहीं जाग रहे हैं और वे सिर्फ खुद की ब्रांडिंग करने में लगे हुए हैं।
