
जबलपुर। वोट चोरी के आरोप में भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग को लगातार घेर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए हमला किया है। साथ ही श्री मिश्रा ने कांग्रेस पार्टी की कमजोरियों को उजागर करते हुए भाजपा को मजबूत बताने का प्रयास भी किया है। जबलपुर प्रवास पर आए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि खराबी रेलगाड़ी के इंजन में है और डिब्बे बदले जा रहे हैं। कांग्रेस में तब तक सुधार नहीं हो सकता जब तक असल जड़ को नहीं सुधारा जाता। पूर्व गृहमंत्री ने राहुल गांधी की तुलना एक रसोईए के रूप में उदाहरण देते हुए कही कि जैसे कि रोटी जल जाए तो आटा, तवा और गैस सिलेंडर बदले जाएं लेकिन रसोईया बदल दो ये कहने की ताकत किसी की नहीं होती। जानकारी के अनुसार पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि वे यहां शंकराचार्य के दर्शन और अपने आगामी कार्यक्रम के लिए आमंत्रण देने सुबह श्रीधाम एक्सप्रेस से जबलपुर आए हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर भी साधा निशाना
हाल ही में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा था कि उन्हें कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनने पर गर्व है। इस बयान को लेकर भी पूर्व गृहमंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के अंदर उनके नेतृत्व को लेकर सर्वसम्मति नहीं है जिस कारण जीतू ऐसा कहते नजर आ रहे हैं।
