ग्रेटर नोएडा, (वार्ता) गौतमबुद्धनगर जिले में पहली बार प्रो वॉलीबॉल लीग का आयोजन होने जा रहा है। प्रो वॉलीबॉल लीग का आयोजन गुरुवार से ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में किया जाएगा।
लीग को लेकर खेल परिसर में आयोजकों द्वारा प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया,जिसमें 15 दिवसीय लीग को लेकर जानकारी दी गई। आदि योगी फाउंडेशन के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश प्रो वालीबॉल लीग के फाउंडर कुलवंत बालियान ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 अगस्त से ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद पथिक सिंह खेल परिसर में पहली बार प्रो वॉलीबॉल लीग का आयोजन किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश प्रो वालीबॉल लीग में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी जिनमें लखनऊ टाइगर्स, गोरखपुर जॉइंट्स, नोएडा थंडर्स, मथुरा योद्धाज, अयोध्या सुपरकिंग्स, मुरादाबाद बुल्स, काशी वॉरियर्स और मुजफ्फरनगर लायंस होंगी। सभी टीमों में उत्तर प्रदेश समेत देश भर के अलग-अलग राज्यों के वॉलीबाल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
हर टीम में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले वॉलीबॉल खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे जिसमें देश भर के वॉलीबॉल खिलाड़ी अपना प्रदर्शन दिखाएंगे। इस लीग के जरिए सभी वॉलीबॉल खिलाड़ियों को एक शानदार मंच मिलेगा जिससे वह अपने उम्दा हुनर का प्रदर्शन करेंगे। लीग की विजेता टीम को 21 लाख रुपए के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
