जबलपुर: संस्कारधानी को स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान पर पहुँचाने के लिए नगर निगम ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखते हुए इसे एक जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से नगर निगम अध्यक्ष, पार्षदों और स्थानीय नागरिकों के साथ स्वयं मैदान में उतरे। सोमवार को शहर के वार्डों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और नागरिकों को सक्रिय करने के लिए एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। अभियान को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए वार्डों में स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इसका मुख्य उद्देश्य वार्डों के बीच एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा करना है ताकि हर गली और मोहल्ला चकाचक नजर आए। निगम अध्यक्ष ने सभी सम्माननीय जनों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अभियान में केवल सफाई मित्र ही नहीं, बल्कि सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग स्वेच्छा से शामिल हुए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने झाड़ू उठाकर श्रमदान किया। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नेतृत्व संभालते हुए जनता को डस्टबिन के उपयोग और कचरा पृथक्करण गीला और सूखा कचरा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने कहा, जबलपुर हम सबका घर है और इसे स्वच्छ रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
जब खुद मैदान में उतरीं पार्षद
वार्ड की पार्षद श्रीमती मधुबाला सिंह ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वयं झाड़ू थामी और सफाई अभियान की शुरुआत की। उन्होंने न केवल सार्वजनिक स्थानों की सफाई की, बल्कि वार्ड के नागरिकों के बीच जाकर उनसे इस अभियान का हिस्सा बनने की भावुक अपील भी की। श्रीमती सिंह ने कहा, सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
