ऑस्ट्रेलिया : बॉन्डी बीच हमले के बाद न्यू साउथ वेल्स में बंदूक वापसी योजना शुरू होगी

सिडनी, 16 अगस्त (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के सबसे अधिक आबादी वाले न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) राज्य में इस साल के अंत में बंदूक वापसी योजना शुरू की जाएगी। बॉन्डी बीच आतंकी हमले के बाद नकदी के बदले हथियार वापस लेने की यह देश की पहली राज्य स्तरीय योजना होगी।

योजना के तहत एनएसडब्ल्यू में बंदूक मालिक दो नवंबर से पात्र पिस्तौल, शॉटगन और राइफल जमा कराकर अधिकतम 1,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर प्राप्त कर सकेंगे। एनएसडब्ल्यू के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने शनिवार को कहा, “हम चाहते हैं कि ये बंदूकें वापस जमा हों, इनके लिए मुआवजा दिया जाए और इन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाये।”

 

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लाखों नहीं तो सैकड़ों हजार बंदूकें वापस जमा हो सकती हैं। पिछले दिसंबर में सिडनी के बॉन्डी बीच पर एक यहूदी उत्सव के दौरान 15 लोगों की गोली मारकर हत्या किये जाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने हथियार कानूनों में व्यापक सुधार का वादा किया था।

राज्य में लागू किये गये नये हथियार कानूनों के तहत आम लोगों को अधिकतम चार बंदूकें रखने की अनुमति है। हालांकि किसानों और खेल निशानेबाजों जैसी कुछ श्रेणियों के लोगों को अधिकतम 10 बंदूकें रखने की अनुमति है।

नयी योजना उन लोगों के लिए उपलब्ध होगी जिनके पास नये नियमों के तहत निर्धारित सीमा से अधिक हथियार हैं या जिनके पास अब वैध लाइसेंस नहीं है। हथियार लाइसेंस की अवधि भी पांच वर्ष से घटाकर दो वर्ष कर दी गयी है। योजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहला चरण नवंबर की शुरुआत से शुरू होगा और इसमें विभिन्न प्रकार की पिस्तौल, शॉटगन और राइफल शामिल होंगी।

मसलन, रिवॉल्वर जमा करने पर 1,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर, जबकि एयर राइफल के लिए 450 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर दिये जाएंगे। दूसरा चरण अगले साल की शुरुआत में शुरू होगा और इसमें 3,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से अधिक मूल्य वाले “उच्च मूल्य के हथियार” शामिल होंगे। इनके लिए अधिकतम 10,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का भुगतान किया जाएगा।

राष्ट्रीय बंदूक वापसी योजना के लिए न्यू साउथ वेल्स और ऑस्ट्रेलिया की संघीय सरकार संयुक्त रूप से धन उपलब्ध कराएंगी। नये नियमों के अनुरूप बदलाव करने में कारोबारियों की मदद के लिए उन्हें 25,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक की सहायता भी दी जाएगी। बंदूक विक्रेताओं को भी सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाना चाहिए कि बॉन्डी में हुआ यहूदी विरोधी आतंकी हमला दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि इसमें देशव्यापी स्तर पर प्रभावी बंदूक सुधार भी शामिल हैं।

पिछले वर्ष 14 दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध समुद्र तट पर हनुक्का समारोह के दौरान 15 लोगों की मौत हुई थी। ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने शुरू में देशव्यापी बंदूक वापसी योजना बनाने की घोषणा की थी, लेकिन धन की व्यवस्था और इसे लागू करने के तरीके को लेकर उठे सवालों के कारण इसमें देरी हुई।

Next Post

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 8 गोवंश की मौत

Sun Aug 16 , 2026
ग्वालियर-डबरा के पास नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से 8 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देकर आरोपी वाहन चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। जानकारी के मुताबिक हादसा डबरा के पास नेशनल हाईवे-44 […]

You May Like