तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 8 गोवंश की मौत

ग्वालियर-डबरा के पास नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से 8 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देकर आरोपी वाहन चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला।

जानकारी के मुताबिक हादसा डबरा के पास नेशनल हाईवे-44 पर कुक्कू ढाबा के सामने हुआ। एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सड़क पर बैठे गोवंश को कुचल दिया, जिससे आठ गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गौ सेवक मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर उन्होंने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार, डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा और डबरा सीएमओ साक्षी वाजपेई फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गौ सेवकों से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया और आरोपी को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रशासन ने दिए ये आश्वासन –

प्रदर्शन कर रहे गौ सेवकों की दो मुख्य मांगें थी – आरोपी पर कड़ी कार्रवाई और सड़क पर असुरक्षित घूम रहे गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना।

इस पर प्रशासन ने नगर पालिका के सहयोग से सड़क पर मौजूद गोवंशों को गौशाला पहुंचाने की बात कही। साथ ही हादसे में शामिल वाहन की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद गौ सेवकों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

Next Post

काशी रुद्रास ने कानपुर सुपरस्टार्स को आठ विकेट से हराकर दर्ज की पहली जीत

Sun Aug 16 , 2026
लखनऊ, 16 अगस्त (वार्ता) गत चैंपियन काशी रुद्रास ने कप्तान करन शर्मा (44) और अभिषेक गोस्वामी (76) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर उत्तर प्रदेश टी-20 लीग सीजन-4 के चौथे मुकाबले में रविवार को कानपुर सुपरस्टार्स को आठ विकेट से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं कानपुर […]

You May Like