लखनऊ, 16 अगस्त (वार्ता) गत चैंपियन काशी रुद्रास ने कप्तान करन शर्मा (44) और अभिषेक गोस्वामी (76) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर उत्तर प्रदेश टी-20 लीग सीजन-4 के चौथे मुकाबले में रविवार को कानपुर सुपरस्टार्स को आठ विकेट से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। वहीं कानपुर सुपरस्टार्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में काशी रुद्रास ने 164 रन का लक्ष्य 18.1 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। कानपुर की ओर से समीर रिजवी ने 47 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 71 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह ने 23 गेंदों पर 22 और प्रियांशु पांडेय ने 23 गेंदों पर 26 रन का योगदान दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। इसके बाद रिजवी ने एक छोर संभाले रखा और अंतिम ओवरों में तेजी से रन जुटाते हुए टीम का स्कोर 20 ओवर में चार विकेट पर 163 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास को तीसरे ओवर में पहला झटका लगा, जब उवैश अहमद को विनीत पंवार ने आउट किया। उनका कैच समीर रिजवी ने लपका। इसके बाद कप्तान करन शर्मा और अभिषेक गोस्वामी ने पारी को संभालते हुए कानपुर के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू किया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 84 गेंदों पर 135 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की।
अभिषेक गोस्वामी ने 52 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 76 रन बनाए, जबकि कप्तान करन शर्मा ने 44 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की सहायता से 67 रन की शानदार पारी खेली। दोनों की साझेदारी ने काशी की जीत सुनिश्चित कर दी। अभिषेक गोस्वामी को उनकी नाबाद अर्धशतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
