ब्लॉक स्तर तक कांग्रेस का उपभोक्ता जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन और नुक्कड़ सभाओं से जगेगी अलख

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ ने प्रदेशभर में उपभोक्ता अधिकार जागरूकता अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आम नागरिक लगातार बाजार की अनियमितताओं और शोषण का शिकार हो रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मप्र विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कांग्रेस के महामंत्री एवं सभी विभागों तथा प्रकोष्ठों के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान तथा पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. राजेन्द्र सिंह ने कहा कि आज उपभोक्ता अपने अधिकारों की जानकारी के अभाव में स्वयं को ठगा और असहाय महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार और प्रभावशाली लोग आम जनता को गुमराह कर अप्रत्यक्ष रूप से ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उपभोक्ताओं की लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ा होना चाहिए।

डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि अधिकांश लोगों को अब भी उपभोक्ता अधिकारों और कानूनी उपायों की पर्याप्त जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ राज्यभर में उपभोक्ता हेल्पलाइन, नुक्कड़ सभाओं, सोशल मीडिया अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से ब्लॉक स्तर तक जागरूकता अभियान चलाएगा।

हरिशंकर शुक्ल ने कहा कि संगठन जल्द ही प्रदेशभर में प्रशिक्षण शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा, ताकि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत बनाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।

बैठक में भारतीय मानक ब्यूरो के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ता अधिकारों और गुणवत्ता मानकों पर विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और आम नागरिक को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

 

Next Post

​मप्र पुलिस ने दो हफ्ते में 4 करोड़ से अधिक की अवैध शराब और वाहन किए जब्त

Sun May 24 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान तेज करते हुए पिछले दो सप्ताह में 4 करोड़ 7 लाख रुपए से अधिक की अवैध शराब, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है। विभिन्न जिलों में की गई संयुक्त कार्रवाइयों के दौरान कई आरोपियों […]

You May Like