​मप्र पुलिस ने दो हफ्ते में 4 करोड़ से अधिक की अवैध शराब और वाहन किए जब्त

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान तेज करते हुए पिछले दो सप्ताह में 4 करोड़ 7 लाख रुपए से अधिक की अवैध शराब, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है। विभिन्न जिलों में की गई संयुक्त कार्रवाइयों के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।

सबसे बड़ी कार्रवाई सागर जिले में सामने आई, जहां मकरोनिया और यातायात पुलिस ने करीब 1500 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक कंटेनर ट्रक को पकड़ा। पुलिस ने ट्रक सहित लगभग 1 करोड़ 8 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

नर्मदापुरम जिले में सिवनी मालवा पुलिस ने 2574 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और एक बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया, जिसकी कुल कीमत 27 लाख 74 हजार रुपए आंकी गई। जिले में ही एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने 4859 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब के साथ नौ चारपहिया और पांच दोपहिया वाहन जब्त किए। इस कार्रवाई में कुल 80 लाख 62 हजार रुपए की संपत्ति बरामद हुई।

इंदौर जिले की कनाड़िया पुलिस ने 340 पेटी बीयर, यानी 4080 लीटर शराब, जब्त की, जिसकी कुल कीमत 74 लाख 24 हजार रुपए बताई गई। धार जिले में धामनोद पुलिस ने एक ट्रक से 514 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर 40 लाख 84 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की।

रतलाम, अलीराजपुर, मुरैना, कटनी, डिंडोरी, सीधी, दतिया, छतरपुर, सिंगरौली और उज्जैन जिलों में भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

 

 

Next Post

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे, रवींद्र भवन में लोक और सूफी संगीत की सुरमयी शाम

Sun May 24 , 2026
भोपाल। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी के रवींद्र भवन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जहां बुंदेली लोकगीतों और सूफी गायन की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगीत प्रेमी सुरों की इस महफिल में डूबे नजर आए। […]

You May Like