नई दिल्ली, 11 दिसंबर, 2025: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की शीर्ष परिषद की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 22 दिसंबर को ऑनलाइन आयोजित होगी। इस बैठक में विराट कोहली और रोहित शर्मा के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पर महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है। चूंकि दोनों भारतीय सुपरस्टार ने पिछले एक साल में टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, ऐसे में उनकी सैलरी और ग्रेड में बड़ा बदलाव होने की संभावना है।
माना जा रहा है कि भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को टॉप कैटेगरी यानी ‘A+’ में शामिल किया जा सकता है। गिल को सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ इस ग्रेड में जगह मिलने की उम्मीद है, जिसकी वार्षिक सैलरी 7 करोड़ रुपये है। यदि रोहित शर्मा और विराट कोहली को ‘A’ कैटेगरी में डाला गया, तो उनकी सैलरी में दो करोड़ रुपये की कटौती हो सकती है।
एजीएम में ‘रो-को’ के भविष्य के साथ-साथ घरेलू क्रिकेट में महिला खिलाड़ियों के अनुबंध में बदलाव पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा, अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान में बदलाव के साथ-साथ बोर्ड की डिजिटल संपत्तियों के अपडेट पर भी बात होगी। यह बीसीसीआई के अधिकारियों में बदलाव के बाद शीर्ष परिषद की पहली एजीएम होगी।

