अशोकनगर:शीत ऋतु के आगमन के साथ जिले में प्रातः एवं रात्रि के समय घना कोहरा होने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं में वृद्धि हो जाती है। कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने के कारण विशेषकर पुराने, बिना पेंट वाले तथा बिना रिफ्लेक्टर वाली ट्रैक्टर-ट्रालियां और लोडिंग वाहन सड़कों पर अन्य वाहन चालकों को समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ जाता है।
सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा निर्देशन पर कोहरे के मौसम में दृश्यता बढ़ाने हेतु थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक स्नेहा ठाकुर द्वारा अपने बल के साथ नई मंडी परिसर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 500 ट्रैक्टर-ट्रालियों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से अधिकतर पुरानी एवं बिना पेंट वाली ट्रालियां चिन्हित की गईं। इन वाहनों पर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप हाई-विजिबिलिटी रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए।
इसके अलावा अभियान के दौरान चालक एवं किसानों को रिफ्लेक्टर सामग्री भी वितरित की गई तथा रात्रि में हेडलाइट/टेललाइट का उपयोग, धीमी गति से चलने, तथा सड़क के बाईं ओर से चलने संबंधी आवश्यक समझाईस दी गई। उन्हें यह भी अवगत कराया गया कि रिफ्लेक्टर लगने से वाहन 200-300 मीटर की दूरी से भी स्पष्ट दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी आती है। इस दौरान सहायक उप निरीक्षक निरंजन सिंह, प्रधान आरक्षक देवेंद्र रघुवंशी, आरक्षक दीपक यादव, ज्ञान सिंह आदि मौजूद रहे।
