इंदौर: विजय नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक अज्ञात युवक ने थाने के पीछे वाली गली में खड़ी कार को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.कार मालिक कपिल, जो बॉम्बे हॉस्पिटल के पास पान की दुकान संचालित करते हैं, ने बताया कि उनकी कार गली में खड़ी थी.
रात करीब 2:45 बजे एक युवक बाइक से वहां पहुंचा. उसने कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की और कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, इसके बाद मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने कार से लपटें उठती देखी तो घटना का पता चला. रहवासियों के अनुसार आग लगने की सूचना पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं विजय नगर पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है. हालांकि सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले की जांच की बात कही जा रही है.
