कृतिका ने फाल्गुन की चुनौती पर काबू पाकर जीता खिताब

कानपुर, 19 अगस्त (वार्ता) स्पोर्ट्स हब में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 में बुधवार को युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चार आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए।

युवा बालिका अंडर-11 के फाइनल में पश्चिम बंगाल की कृतिका सायबो ने हरियाणा की फाल्गुन गुप्ता को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर खिताब जीता। फाल्गुन ने मुकाबले में दो बार बढ़त बनाई, लेकिन कृतिका ने निर्णायक क्षणों में शानदार वापसी करते हुए चौथा और पांचवां गेम जीत लिया। मुकाबले का स्कोर 9-11, 11-9, 9-11, 11-6, 11-9 रहा।
युवा बालक अंडर-11 के फाइनल में पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती ने महाराष्ट्र के राजवर्धन तिवारी को 3-1 से पराजित किया। राजवर्धन ने पहला गेम 11-7 से जीता, लेकिन इसके बाद देबांशु ने लगातार तीन गेम 12-10, 11-4 और 11-4 से जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

युवा बालक अंडर-13 के फाइनल में पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता ने अपने ही राज्य के गेम महालनाबिश को 3-1 से हराकर खिताब जीता। वहीं युवा बालिका अंडर-13 के फाइनल में असम की ईशानी गोगोई ने दिल्ली की ख्याति पांडे को सीधे गेमों में 13-11, 11-7, 12-10 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

Next Post

कोलार ओपन में शौर्य भट्टाचार्य की बढ़त जारी

Wed Aug 19 , 2026
कोलार, कर्नाटक, 19 अगस्त (वार्ता) शौर्य भट्टाचार्य ने पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाकर बेंगलुरु के बाहरी इलाके में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले दूसरे ‘कोलार ओपन प्रेजेंटेड बाय जायन हिल्स गोल्फ काउंटी’ के दूसरे दिन अपनी बढ़त तीन शॉट तक पहुंचा दी। उनका दो राउंड […]

You May Like