कोलार ओपन में शौर्य भट्टाचार्य की बढ़त जारी

कोलार, कर्नाटक, 19 अगस्त (वार्ता) शौर्य भट्टाचार्य ने पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाकर बेंगलुरु के बाहरी इलाके में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले दूसरे ‘कोलार ओपन प्रेजेंटेड बाय जायन हिल्स गोल्फ काउंटी’ के दूसरे दिन अपनी बढ़त तीन शॉट तक पहुंचा दी। उनका दो राउंड का कुल स्कोर नौ-अंडर 135 है।

दिल्ली के 23 वर्षीय शौर्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर दो बार के विजेता हैं और मौजूदा सत्र की रैंकिंग में 16वें स्थान पर हैं। एक शॉट की बढ़त के साथ दिन की शुरुआत करने वाले शौर्य ने छह बर्डी और सिर्फ एक बोगी बनाकर लीडरबोर्ड पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

शौर्य ने शुरुआती राउंड के 68 के बाद दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 67 बनाया। हैदराबाद के मोहम्मद अजहर (70-68), जिन्होंने दिन की शुरुआत संयुक्त पांचवें स्थान से की थी, छह-अंडर 138 के कुल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए। अजहर ने दूसरे राउंड में छह बर्डी और दो बोगी की मदद से चार-अंडर 68 का स्कोर बनाया। वह शीर्ष पर चल रहे शौर्य के निकटतम प्रतिद्वंद्वी हैं।

ग्रेटर नोएडा के अर्जुन शर्मा (69-72), चंडीगढ़ के अंगद चीमा (73-68) और बांग्लादेश के बादल हुसैन (69-72) तीन-अंडर 141 के समान स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार (72-71), जिन्होंने गर्मियों के दौरान होटलप्लानर टूर पर खेला था, एक-अंडर 143 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 11वें से संयुक्त नौवें स्थान पर पहुंच गए। पानीपत के शुभम जगलान (70-73) भी सप्तक के साथ संयुक्त नौवें स्थान पर हैं। एक-ओवर 73 का राउंड खेलने के बाद शुभम संयुक्त पांचवें स्थान से चार स्थान नीचे चले गए। वह पिछले सप्ताह कोलकाता में कोल इंडिया ओपन जीतकर अपना पहला पेशेवर खिताब हासिल करने के बाद बेंगलुरु पहुंचे हैं।

गत विजेता दिल्ली के क्षितिज नवीद कौल (73-75) चार-ओवर 148 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 15वें से संयुक्त 22वें स्थान पर पहुंच गए।

कट आठ-ओवर 152 पर निर्धारित हुआ और 51 खिलाड़ियों ने अंतिम दो राउंड में जगह बनाई।

 

 

Next Post

डीजेबी टेंडर घोटाले में सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से आप का भ्रष्टाचार उजागर- देवेंद्र

Wed Aug 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों के उन्नयन से जुड़े कथित टेंडर घोटाले में एसीबी द्वारा आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) […]

You May Like