
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और राज्य सरकारों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भ्रष्टाचार और पाखंड से भरी हुई सरकारें चलाई हैं। पत्रकारों से बातचीत में पटवारी ने चुनौती दी, “मुझे मध्य प्रदेश का एक भी ऐसा विभाग बता दीजिए जहां बिना भ्रष्टाचार के काम होता हो। यदि कोई ईमानदार मंत्री हो तो मैं उसका सार्वजनिक अभिनंदन करूंगा।”
पटवारी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा ही भ्रष्टाचार पर आधारित है। नोटबंदी और जीएसटी को उन्होंने चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुँचाने और आम जनता पर बोझ डालने की साजिश बताया। उन्होंने सवाल उठाया, “आठ वर्षों तक मजदूर, छोटे दुकानदार और लघु उद्योग जीएसटी की मार झेलते रहे। अब जब प्रधानमंत्री खुद राहुल गांधी की बात मान रहे हैं तो इन आठ सालों की लूट का जिम्मेदार कौन है?”
मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए पटवारी ने कहा कि भाजपा केवल वोटों के लिए गौ माता का नाम लेती है। “कांग्रेस ‘जियो और जीने दो’ की भारतीय संस्कृति पर विश्वास करती है। लेकिन भाजपा के शासन में भारत दुनिया का सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया है। गौमांस पर 0% जीएसटी है। यह भाजपा का दोहरा चेहरा नहीं तो क्या है?”
उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि अक्टूबर 2025 तक इंदौर 9,387.6 करोड़ रुपये के निर्यात के साथ पहले स्थान पर रहा, इसके बाद धार, रायसेन, सिंगरौली और सीहोर रहे। उन्होंने पूछा कि इनमें मांस का कितना हिस्सा है और भाजपा इस पर चुप क्यों है।
पटवारी ने घोषणा की कि 26–27 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशभर में भाजपा के भ्रष्टाचार, जीएसटी की लूट और दोहरे चरित्र के खिलाफ आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गाय की रक्षा करेगी और भाजपा के “नकली गौ भक्तों” का असली चेहरा जनता के सामने लाएगी।
पटवारी ने यह भी बताया कि 2023–24 में मध्य प्रदेश में 1.52 लाख टन मांस का उत्पादन हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा सरकार इस पर चुप क्यों है और इसे बढ़ावा क्यों दे रही है।
