इंदौर: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ माधव प्रसाद हसनी के मार्गदर्शन में विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर जिला मलेरिया कार्यालय, इन्दौर द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए.जिला मलेरिया अधिकारी डॉ रश्मि शर्मा दुबे ने बताया कि प्रतिवर्ष 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन रोनाल्ड रॉस द्वारा खोज की गई थी कि मलेरिया बीमारी मच्छरों के काटने से होती है.
वाहक जनित बीमारियों के प्रति जन जागरूकता लाने और इन बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए इस वर्ष भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. सर्वप्रथम इन्दौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क में स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों हेतु पॉवर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से सरल भाषा में वैज्ञानिक जानकारियां दी गईं. समाज कार्य के विद्यार्थी कैसे इन बीमारियों के फैलाव को रोकने में अपना योगदान दे सकते हैं इस विषय पर भी परीचर्चा हुई.
कार्यक्रम में वरिष्ठ सर्जन डॉ सुखविंदर सिंह नय्यर, डॉ आनंद गौड़, डॉ आर के शर्मा, एम के शर्मा, एंबेड के अवधेश सिंह तथा फील्ड वर्कर सहित मलेरिया विभाग के समस्त अधिकारी कर्मचारी सम्मिलित हुए. कार्यक्रम का समापन रैली के रूप में हुआ, डॉ रश्मि शर्मा दुबे ने बताया कि कार्यक्रम की अगली कड़ी में शासकीय विवेकानंद विद्यालय में कक्षा 9 वी से 12 वी तक के विद्यार्थियों हेतु वाहक जनित रोगों से जुड़े तथ्यों से संबंधित जानकारीपरक सेमिनार रखा. सेमिनार पश्चात प्रश्नमंच में बेहतर परफॉर्मेंस देने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया. जिज्ञासु बच्चों ने भी कई तरह के प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा शांत की, बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था. इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ श्रीमति सिंह, वरिष्ठ शिक्षिका सुश्री भावना जोशी तथा अन्य शिक्षक गण तथा विद्यालयीन स्टॉफ भी उपस्थित था.
