कोलंबो 10 फरवरी (वार्ता) साहिबजादा फरहान (73) और बाबर आजम (46) की शानदार पारियों के दम पर पाकिस्तान ने टी-20 विश्वकप के 12वें मुकाबले अमेरिका को जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए सैम अयूब और साहिबजादा फरहान ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। छठे ओवर में वान शाल्कविक ने सैम अयूब (19) को आउट कर अमेरिका को पहली सफलता दिलाई। इसी ओवर में वान शाल्कविक ने कप्तान आगा सलमान (एक) को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बाबर आजम ने साहिबजादा फरहान के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट लिये 81 रनों की साझेदारी हुई। 15वें ओवर में मोहम्मद मोहिसिन ने बाबर आजम (46) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। अगले ही ओवर में हरमीत सिंह ने शतक की ओर बढ़ रहे साहिबजादा फरहान को आउटकर पवेलियन भेज दिया। साहिबजादा फरहान 41 गेंदों में छह चौके और पांच छक्के लगाते हुए 73 रनों की पारी खेली। शादाब खान ने 12 गेंदों में 30 रन बनाये। अमेरिकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे पाकिस्तान के शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 190 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
अमेरिका के लिए शैडली वान शाल्कविक ने चार विकेट लिये। सौरभ नेत्रवलकर, मोहम्मद मोहिसिन और हरमीत सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
