पाकिस्तान ने अमेरिका को 32 रनों से हराया

कोलंबो 10 फरवरी (वार्ता) साहिबजादा फरहान (73) और बाबर आजम (46) की शानदार पारियों के बाद उस्मान तारिक (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने टी-20 विश्वकप के 12वें मुकाबले अमेरिका को 32 रनों से हरा दिया।

191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका के लिए ऐंड्रियस गौस और शयन जहांगीर की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। पांचवें ओवर में मोहम्मद नवाज ने ऐंड्रियस गौस (13) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद कप्तान मोनांक पटेल (तीन) और शयन जहांगीर को शादाब खान ने अपना शिकार बना लिया। शयन जहांगीर ने 34 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 49 रनों की पारी खेली। 16वें ओवर मे उस्मान तारिक ने मिलिंद कुमार 22 गेंदों में 29 को आउट किया। 19वें ओवर में उस्तान तारिक ने हरमित सिंह छह को आउट कर अमेरिका को छठा झटका दिया। इसी ओवर में उन्होंने मोहम्मद मोहसिन (शून्य) का भी शिकार कर लिया। अमेरिका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी और 32 रनों से मुकाबला हार गई। शुभम रांजने 20वें ओवर में आठवें विकेट के रूप में आउट हुये। शुभम रांजने ने 30 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए 51 रनों की पारी खेली।

पाकिस्तान के लिये उस्मान तारिक ने तीन विकेट लिये। शादाब खान को दो विकेट मिले। शाहीन शाह अफरीदी, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए सैम अयूब और साहिबजादा फरहान ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। छठे ओवर में वान शाल्कविक ने सैम अयूब (19) को आउट कर अमेरिका को पहली सफलता दिलाई। इसी ओवर में वान शाल्कविक ने कप्तान आगा सलमान (एक) को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बाबर आजम ने साहिबजादा फरहान के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट लिये 81 रनों की साझेदारी हुई। 15वें ओवर में मोहम्मद मोहिसिन ने बाबर आजम (46) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। अगले ही ओवर में हरमीत सिंह ने शतक की ओर बढ़ रहे साहिबजादा फरहान को आउटकर पवेलियन भेज दिया। साहिबजादा फरहान 41 गेंदों में छह चौके और पांच छक्के लगाते हुए 73 रनों की पारी खेली। शादाब खान ने 12 गेंदों में 30 रन बनाये। अमेरिकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे पाकिस्तान के शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 190 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

अमेरिका के लिए शैडली वान शाल्कविक ने चार विकेट लिये। सौरभ नेत्रवलकर, मोहम्मद मोहसिन और हरमीत सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

राजनीतिक सहानुभूति: तेज प्रताप यादव ने राजपाल यादव के परिवार को 11 लाख मदद देने का किया ऐलान

Tue Feb 10 , 2026
नई दिल्ली। तिहाड़ जेल में बंद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव के परिवार के प्रति राजनीतिक सहानुभूति का एक बड़ा संदेश सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल (JJD) नेता तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अभिनेता के परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा […]

You May Like