मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष संघर्ष, संकल्प और जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा का प्रतीक: नवीन

नयी दिल्ली 07 अक्टूबर (वार्ता)भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष संघर्ष, संकल्प और जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा का प्रतीक बताते हुए कहा है कि उनकी (श्री मोदी) तपस्या से विकसित भारत 2047 का संकल्प आकार ले रहा है। श्री नवीन ने बुधवार को यहां इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 के बाद गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति के लिए चलाई गयी योजनाओं से देश में बदलाव आया। कोरोना संकट के दौरान टीकाकरण और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में विकास, विरासत, सुरक्षा और भारत के सम्मान को नयी दिशा मिली, ताकि विकसित भारत का संकल्प साकार हो। उनके (श्री मोदी) लिए जनसेवा ही राष्ट्रसेवा का मार्ग बनी और इसी संकल्प के साथ वे राजनीति में सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री मोदी ने इन 25 वर्षों में दीपक की तरह स्वयं को जलाकर, अपने परिश्रम और समर्पण से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में विकास, आत्मविश्वास और स्वाभिमान का उजाला फैलाने का निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अपनी किताब में 2014 के चुनाव को ‘टेक्टॉनिक शिफ्ट’ के रूप में कहा था। उन्होंने इसे भारतीय राजनीति का एक बड़ा बदलाव बताया था। उनके अनुसार, श्री मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें जनता के सामने एक घोषित उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया और बाद में उन्हें जनता का अपार जनसमर्थन मिला तथा वे देश के पहले चुने हुए घोषित प्रधानमंत्री के रूप में आये। उससे पहले कई चुनाव हुए। चाहे जनता ने किसी पार्टी को समर्थन दिया हो या गठबंधन को वोट दिया हो, चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का नाम तय होता था। वर्ष 2014 में पहली बार ऐसा हुआ कि राष्ट्रीय चुनाव में प्रधानमंत्री का चेहरा केवल पार्टी का चेहरा नहीं रहा।
श्री नवीन ने कहा कि श्री मोदी किसी राजनीतिक परिवार या विरासत के साथ नहीं आये। उन्होंने केवल अपने सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक अनुभव और जनता के जनादेश के आधार पर देश का प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने माताओं-बहनों के लिए शौचालय निर्माण से लेकर उज्ज्वला योजना तक की व्यवस्था की और उनकी सुरक्षा एवं स्वाभिमान सुनिश्चित करने का काम किया। तीन करोड़ लखपति दीदियों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने केवल महिला सशक्तिकरण की बात नहीं की, बल्कि महिला-नेतृत्व विकास की बात की है और अब 33 प्रतिशत महिलाओं को मिलने वाले आरक्षण से उनकी राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। ग्यारह करोड़ से अधिक किसान भाइयों के लिए किसान सम्मान योजना के माध्यम से उनका सम्मान और कल्याण सुनिश्चित किया गया। कृषि को केवल एक विभाग तक सीमित न रखते हुए किसान कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई और किसानों के प्रति देश के नेतृत्व की सोच को प्रदर्शित किया गया। ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खिलाड़ियों को नए अवसर दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप आज हमारे खिलाड़ी भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और नए-नए कीर्तिमान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से चार करोड़ गरीब परिवारों को उनके सपनों का घर और सिर पर छत देने का काम किया गया।

श्री नवीन ने कहा कि श्री मोदी ने 2013-14 में देश के युवाओं में आशा और उम्मीद की नई किरण जगायी। आज देश में ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप और 125 से अधिक यूनिकॉर्न इस बदलाव के साक्षी हैं। युवा अब केवल रोजगार मांगने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बनकर देश के विकास में अपना योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा, “श्री मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को केंद्र में रखकर सरकार की योजनाएं बनाने और उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है। श्री मोदी ने पूरी पारदर्शिता के साथ देश के अंतिम व्यक्ति के विकास की योजनाओं से जोड़ा है। चाहे प्रत्यक्ष हस्तांतरण योजना हो या 370 की समाप्ति का विषय, प्रधानमंत्री ने देश को सम्मान और एकता का भाव दिया है, जिससे आज 140 करोड़ देशवासी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “विकास के साथ-साथ देशवासियों को अपनी विरासत पर गर्व करने का अवसर भी मिला है। चाहे काशी विश्वनाथ का गलियारा हो, महाकाल का गलियारा हो या अयोध्या का भव्य श्रीराम मंदिर, इन माध्यमों से हमारी आस्था और विरासत को नयी पहचान मिली है। सोमनाथ के पवित्र मंदिर को भी हम याद करते हैं। केवल इमारतें और अवसंरचना ही नहीं बनाए गए, बल्कि आस्था के केंद्रों को भी फिर से सृजित किया गया है।” उन्होंने कहा कि सेवा तीर्थ, अमर शहीदों और सैनिकों को समर्पित राष्ट्रीय समर समारक तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के माध्यम से देश की विरासत पर गर्व करने का सभी को अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत से 60 करोड़ परिवार आज स्वास्थ्य बीमा का लाभ ले रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय पटल पर श्री मोदी के नेतृत्व को 35 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। यह सम्मान केवल श्री मोदी का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का है और भारत के बढ़ते महत्व का प्रतीक है।

.....

Next Post

‘We Will Do It’ के नारों से गूंजा गुना, निकली सेवा ज्योति यात्रा

Wed Oct 7 , 2026
गुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुना में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। लक्ष्मीगंज से शुरू हुई यात्रा हनुमान चौराहे पहुंची, जहां पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना गया और विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराया गया। Facebook Share on […]

You May Like