
बालाघाट, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर ने 15 अगस्त को बिठली एवं जालदा स्थित छात्रावास एवं आश्रमशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी दिनचर्या, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सहायक आयुक्त श्रीमती डामोर ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने समय-समय पर बाल एवं नाखून काटने, नियमित रूप से स्नान करने, साफ कपड़े पहनने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रावास एवं आश्रमशाला परिसर के साथ-साथ घरों में भी साफ-सफाई रखने की समझाइश दी। विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। साथ ही पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त ने विद्यार्थियों को स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
