रॉड टकर 100वें टेस्ट मैच में अंपायरिंग करने वाले चौथे अम्पायर बने

दुबई, 04 जून (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को रॉड टकर को उनके 100वें टेस्ट मैच में अंपायरिंग करने की उपलब्धि पर बधाई दी। वह क्रिकेट के इतिहास में 100 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग करने वाले चौथे अंपायर बन गये। ऑस्ट्रेलियाई अंपायर रॉड टकर ने आज लॉर्ड्स में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 25-27 सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दौरान अपने 100वें टेस्ट मैच की उपलब्धि हासिल की।

इस अवसर को यादगार बनाने के लिए, खेल शुरू होने से पहले उन्हें आईसीसी के पूर्व टेस्ट अंपायर इयान गोल्ड ने एक क्रिस्टल ट्रॉफी भेंट की।

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने खेल में रॉड टकर के बेहतरीन योगदान और एक अंपायर के तौर पर उनके शानदार करियर को सराहना करते हुए कहा, “रॉड एक बहुत ही सम्मानित अंपायर हैं, जिनकी निरंतरता और पेशेवर रवैये ने उन्हें दुनिया भर के साथी अंपायरों, खिलाड़ियों और प्रशंसकों का सम्मान दिलाया है। हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने वाले और दबाव में भी खेल को सुचारू रूप से चलाने में सक्षम, वह अपने दौर के सर्वश्रेष्ठ अंपायरों में से एक रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “100 टेस्ट मैचों की यह उपलब्धि सचमुच यह दिखाती है कि पिछले कई सालों में क्रिकेट प्रशासकों का उन पर कितना भरोसा रहा है, और उनका अनुभव अमूल्य रहा है। वह दुनिया भर के अन्य अंपायरों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, और ऐसे व्यक्ति हैं जिनसे दूसरे लोग मार्गदर्शन के लिए संपर्क करते हैं। आईसीसी की ओर से, मैं रॉड को इस शानदार उपलब्धि पर अपनी हार्दिक बधाई देना चाहता हूं और खेल के प्रति उनके असाधारण समर्पण के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।”

 

Next Post

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिये 06 दिवसीय प्रशिक्षण में पहुंचे डीआईजी चौहान 

Thu Jun 4 , 2026
दमोह। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत मध्यप्रदेश पुलिस के द्वारा सभी जिलों में पुलिस बल का विशेष प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है.इसी क्रम में दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिला दमोह में आयोजित 06 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में सागर रेंज के डीआईजी शशीन्द्र […]

You May Like

मनोरंजन