कबाड़े में लगी विकराल आग से तीन बाइक खाक

सीहोर। कोतवाली चौराहे के समीप सोमवार तड़के कबाड़े के ढेर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें पास के तीन मंजिला मकान की ऊंचाई तक पहुंच गईं. वहां खड़ी तीन बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गईं. स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पाया जा सका, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 4 बजे अचानक कबाड़ के ढेर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से तीन बाइक पूरी तरह जल गईं.

स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में नाले की सड़क क्षतिग्रस्त होने का फायदा उठाकर एक कबाड़ व्यवसायी ने सरकारी भूमि एवं मोहल्ले में बड़े पैमाने पर कबाड़ का अवैध भंडारण कर रखा है। लोगों का कहना है कि कबाड़ के इसी बड़े ढेर के कारण आग तेजी से फैली और उसने भयावह रूप ले लिया।

मोहल्लेवासियों ने मकान मालिक और कबाड़ संचालक दोनों के प्रति नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि अधिक किराए के लालच में मकान मालिक ने रिहायशी क्षेत्र में कबाड़ का कारोबार संचालित होने दिया, जिससे पूरे इलाके के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध अतिक्रमण और कबाड़ के विरोध पर संचालक द्वारा धमकियां दी जाती हैं।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से रिहायशी इलाके में फैले अवैध कबाड़ को तत्काल हटाने की मांग की है. उनका कहना है कि कबाड़ी द्वारा नाले में भी कबाड़ा व पन्नियां फैंकी जाती हैं. यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता है. बताया गया है कि विकास ठाकुर सहित अन्य नागरिकों ने जागरूकता और साहस का परिचय देते हुए फायर ब्रिगेड दल की मदद की, जिसके चलते आग पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सका. इस दौरान काफी भीड़ मौके पर जमा हो गई थी.

 

 

 

Next Post

भैरुंदा में डीजल का संकट: रात के अंधेरे में कुप्पों में हो रही कालाबाजारी

Tue Jun 16 , 2026
भैरुंदा। एक तरफ सरकार किसानों को राहत देने के बड़े-बड़ेे दावे कर रही हैं तो दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इन दावों के बिल्कुल उलट नजर आ रही है. नगर में इन दिनों डीजल की किल्लत के चलते किसान डीजल को मोहताज हैं. इस संकट का फायदा उठाते हुए पेट्रोल पंप […]

You May Like