सतना: मैहर जिले के शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में सोमवार को छात्रों और सहायक प्राध्यापक के बीच जमकर विवाद हुआ। रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. आलोक सिन्हा पर छात्राओं ने बदतमीजी करने और सेशनल कॉपी जमा न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। यह विवाद इतना बढ़ गया कि प्रोफेसर और छात्राओं के बीच तीखी बहस हुई, जिससे कॉलेज परिसर में हंगामा हो गया।केमिस्ट्री विभाग की छात्राओं का आरोप है कि वे पिछले कई दिनों से अपनी सेशनल कॉपी जमा करने के लिए विभाग के चक्कर लगा रही थीं। हालांकि, डॉ. आलोक सिन्हा उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे।छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोफेसर ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें विभाग से भगा दिया। इस परेशानी के चलते छात्राओं ने दो दिन पहले एसडीएम अमरपाटन को लिखित शिकायत भी सौंपी थी।
सोमवार को छात्राएं अपने परिजनों के साथ दोबारा कॉलेज पहुंचीं। आरोप है कि छात्राओं को देखते ही डॉ. सिन्हा ने विभाग का ताला बंद कर दिया और वहां से जाने लगे। जब छात्राओं और उनके परिजनों ने उन्हें रास्ते में रोका, तो प्रोफेसर बहस करने लगे और सेशनल कॉपी जमा न करने की अपनी जिद पर अड़े रहे।इस दौरान छात्राओं ने उन्हें फटकार लगाई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वायरल वीडियो में डॉ. आलोक सिन्हा यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि “जहां शिकायत करनी है कर दो, कुछ नहीं होगा।”
प्राचार्य के कहने पर भी नहीं माने प्रोफेसर
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। उन्होंने डॉ. सिन्हा को छात्राओं की कॉपियां जमा करने के निर्देश दिए, लेकिन सहायक प्राध्यापक अपनी जिद पर अड़े रहे। प्राचार्य की मौजूदगी में भी प्रोफेसर और परिजनों के बीच तीखी बहस जारी रही, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राचार्य बोले- पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें
इस पूरे मामले पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मैं भी मौके पर मौजूद था। सहायक प्राध्यापक डॉ. आलोक सिन्हा के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने पहले भी शिकायतें की हैं। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
