अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 111 प्रकरण दर्ज

सिंगरौली । जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सिंगरौली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 111 प्रकरण दर्ज कर 111 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 538.22 लीटर अवैध शराब जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 34 हजार 293 रुपये बताई गई है।

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिंगरौली जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की। एसपी षियाज केएम के नेतृत्व तथा एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान संचालित किया। इस दौरान बैढ़न-विंध्यनगर, नवानगर, मोरवा, बरगवां, माड़ा, चितरंगी, गढ़वा और जियावन सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

185.20 लीटर देशी और 353 लीटर कच्ची शराब जप्त

अभियान के दौरान पुलिस ने 185.20 लीटर देशी शराब तथा 353 लीटर अवैध कच्ची हाथभट्टी शराब जप्त की। दोनों श्रेणियों की शराब मिलाकर कुल 538.22 लीटर अवैध शराब बरामद होने की जानकारी दी गई है। जप्त शराब एवं सामग्री का अनुमानित मूल्य 1,34,293 रुपये बताया गया है। वहीं एसपी षियाज केएम ने सभी पुलिस अधिकारियों को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे कारोबार पर अंकुश लगाने और जिले में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

००००००

Next Post

ईरान पर हमले को लेकर कालीबाफ की अमेरिका-इजरायल को चेतावनी, कहा- 'दुश्मन की कल्पना से परे देंगे जवाब'

Sun Oct 25 , 2026
तेहरान, 25 अक्टूबर (वार्ता) ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर कालीबाफ ने चेतावनी दी है कि देश की क्षेत्रीय अखंडता का किसी भी तरह का उल्लंघन किए जाने पर ‘दुश्मन की कल्पना से परे करारा जवाब दिया जाएगा’। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पूर्ण युद्ध या हत्याओं की धमकियां देश को […]

You May Like