भैरुंदा। एक तरफ सरकार किसानों को राहत देने के बड़े-बड़ेे दावे कर रही हैं तो दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इन दावों के बिल्कुल उलट नजर आ रही है. नगर में इन दिनों डीजल की किल्लत के चलते किसान डीजल को मोहताज हैं. इस संकट का फायदा उठाते हुए पेट्रोल पंप संचालकों ने नियमों को ताक पर रखकर एक नया गोरखधंधा शुरू कर दिया है. रात में खुलेआम कुप्पों में डीजल की कालाबाजारी की जा रही है. जबकि कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि कुप्पों में डीजल न दिया जाए.
कुछ ऐसे ही स्थिति पेट्रोल पंप पर देखने को मिली. देर रात तक यहां वाहनों की लंबी कतारें लगी थीं. इनमें कई लोग डीजल लेने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ नहीं बल्कि छोटे चार पहिया वाहनों के साथ पहुंचे थे. जिनमें बड़ी मात्रा में खाली कुप्पे रखे हुए थे.एक ट्रक को बकायदा डीजल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था. पंप कर्मचारी पंप से डीजल निकालकरट्रक में लोड कर रहे थे और वहीं से डीजल अधिक दामों पर किसानों को कुप्पों में भरकर दिया जा रहा था.
