
सीधी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सीधी विधायक रीती पाठक ने ग्राम पंचायत नेबूहा पश्चिम में आयोजित गौ पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर विधि-विधान से गौ माता का पूजन एवं आरती की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों एवं क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए गौसेवा और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विधायक रीती पाठक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौसेवा, प्रकृति प्रेम, करुणा और लोककल्याण का संदेश देता है। जन्माष्टमी का पर्व हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और समाज में सेवा, सद्भाव तथा संवेदना की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को सदैव श्रद्धा और सम्मान का स्थान मिला है। गौवंश ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में म.प्र. सरकार गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि गौवंश की बेहतर देखभाल के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे निराश्रित गौवंश की देखभाल, गौसेवा और संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं बल्कि हमारी सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, धर्म, करुणा और लोककल्याण का मार्ग दिखाया। आज आवश्यकता है कि हम उनके जीवन-दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम में सरपंच सुशीला भुर्तिया, उपसंचालक पशुपालन विभाग डॉ.वंदना जैन, विश्वबंधुधर द्विवेदी, पंकज पाण्डेय, पुष्पराज सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गौ पूजन एवं आरती के पश्चात उपस्थित लोगों ने गौसेवा और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
