
भोपाल। राष्ट्र के निर्माण में भाषाओं के योगदान को रेखांकित करने के लिए दो दिवसीय भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान का आयोजन 14-15 सितंबर को रवीन्द्र भवन, भोपाल में होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शिरकत करने आयेंगे।
अनुष्ठान में भारतीय भाषाओं और बोलियों की विविधता पर वैचारिक समागम आयोजित होगा, जिसमें खड़ी बोली हिन्दी के अंतर्गत अवधी, ब्रज, भोजपुरी, मैथिली, बुंदेली, मालवी, छत्तीसगढ़ी व बघेली सहित कन्नड़, मलयालम, तेलुगु, बांग्ला, तमिल और हिन्दी के आपसी संबंधों पर चर्चा होगी।
विषयों में भाषा और संचार प्रौद्योगिकी, हिन्दी साहित्य और प्रौद्योगिकी, नाटक और सिनेमा की भाषा, नृत्य-संगीत की भाषा, जनजातीय एवं धूमतु भाषा-संचार तथा लोकभाषाओं की भूमिका प्रमुख रहेगी। देश-प्रदेश के विशेषज्ञ और विद्वान इसमें शामिल होंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत काव्य गोष्ठी, प्रकाशन लोकार्पण और प्रदर्शनी भी होंगी।
साथ ही 15 सितंबर को बहुविध राष्ट्रीय अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विज्ञान एवं अन्य क्षेत्रों में हिन्दी के योगदान हेतु विशिष्ट व्यक्तित्वों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सम्मानित करेंगे।
उक्त आशय की जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने पत्रकार वार्ता में दी।
