
छतरपुर। छात्रों को आईटी क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला प्रशासन के प्रयासों से 12वीं पास या इस वर्ष परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष सेमिनार आयोजित किया जा रहा है।
यह सेमिनार 12 मार्च को किशोर सागर ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जहां HCLTech के प्रतिनिधि छात्रों को कंपनी की बीईई परीक्षा, चयन प्रक्रिया और आईटी क्षेत्र में करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। सेमिनार के दौरान ही इच्छुक छात्र-छात्राओं का पंजीयन भी किया जाएगा।
इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को आईटी सेक्टर में आगे बढ़ने का अवसर देना है। सेमिनार में कंपनी के विशेषज्ञ छात्रों को प्रशिक्षण, नौकरी के अवसर और चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताएंगे।
प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से इस अवसर का लाभ उठाने और सेमिनार में शामिल होने की अपील की है, ताकि वे तकनीकी क्षेत्र में अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
