नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) भारतीय इस्पात निगम लिमिटेड (सेल) को शुक्रवार को साल 2022-23 के लिए अनुसंधान एवं विकास, प्रौद्योगिकी विकास और नवाचार के क्षेत्र में उसकी उपलब्धियों के लिए “स्कोप एमिनेंस पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने यहां स्कोप द्वारा आयोजित एक समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार सेल के स्वदेशी अनुसंधान, प्रक्रियाओं में नवाचार को अपनाने और प्रौद्योगिकी में लगातार आगे बढ़ने की अटूट प्रतिबद्धता को दिखाता है। सेल की ओर से निदेशक (तकनीकी, परियोजना एवं कच्चा माल) मनीष राज गुप्ता ने यह सम्मान ग्रहण किया।
सेल ने एक बयान में बताया कि केंद्र सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियानों के अनुरूप सेल इस्पात के पूरे वैल्यू चेन में नवाचार को बढ़ावा दे रहा है और आयात पर देश की निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपयोगों के लिए अत्याधुनिक स्टील ग्रेड और तकनीकों के स्वदेशी विकास पर जोर दे रहा है। कंपनी रेलवे, रक्षा और बुनियादी ढांचे जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को उच्च-गुणवत्ता वाला इस्पात प्रदान करके राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं और औद्योगिक विकास को सक्षम बना रही है।
उसने बताया कि कंपनी ने अपने कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए अगली पीढ़ी के समाधानों को अपनाया है। इसके अलावा, सेल अपशिष्ट का दोबारा इस्तेमाल करने, चक्रीय अर्थव्यवस्था और नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण के माध्यम से सस्टेनेबिलिटी पर भी जोर दे रहा है।
सेल अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमरेंदु प्रकाश ने कहा, “यह पुरस्कार हमारी अनुसंधान एवं विकास टीमों द्वारा उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास और सेल में नवाचार तथा प्रचालन के बीच गहरे तालमेल को दर्शाता है।”
