व्लादिवोस्तोक, 21 अक्टूबर (वार्ता) रूसी विदेश खुफिया सेवा के निदेशक सर्गेई नारिश्किन ने कहा है कि उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) रूस के साथ युद्ध के लिए अपने संसाधनों को तेज़ी से जुटा रहा है। वह उज़्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित स्वतंत्र राज्यों की एक बैठक में बोल रहे थे।
श्री नारिश्किन का बयान खुफिया सेवा की वेबसाइट पर सोमवार को प्रकाशित किया गया। इसमें उन्होंने कहा, “हम निश्चित रूप से नाटो के यूरोपीय सदस्यों को हमारे देश के साथ युद्ध की तैयारी करते हुए देख रहे हैं। इस उद्देश्य के लिए नियुक्त नाटो सहयोगी प्रतिक्रिया बल को सभी आवश्यक संसाधन शीघ्रता से उपलब्ध कराने का कार्य निर्धारित किया गया है।”
निदेशक नारिश्किन ने कहा कि यूरोपीय देश अपने रक्षा उद्योगों का विस्तार कर रहे हैं, नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं और संभावित रूसी खतरे के “प्रचार” को बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूरोपीय नाटो सदस्य देशों के पास महाद्वीप की सुरक्षा बनाए रखने के लिए दीर्घकालिक योजनाएं नहीं हैं और उन्होंने फ्रांस और जर्मनी पर “रूसोफोबिया” को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

