जालंधर, (वार्ता) भारत पेट्रोलियम, मुंबई ने सीएजी दिल्ली को 2-0 से और इंडियन नेवी ने इंडियन ऑयल मुंबई को 2-1 के अंतर से हराकर 42वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लीग राउंड के आखिरी दो मैच टूर्नामेंट के छठे दिन मंगलवार को ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेले गये।
पहला लीग मैच पूल सी में भारत पेट्रोलियम मुंबई और सीएजी दिल्ली के बीच खेला गया। भारत पेट्रोलियम के लिए परमवीर सिंह ने 19वें मिनट में गोल करके स्कोर 1-0 कर दिया। भारत पेट्रोलियम के शाहरुख अली ने 27वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-0 कर मैच जीत लिया। भारत पेट्रोलियम ने यह मैच जीतकर तीन अंक हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा लीग मैच पूल ए में पूर्व चैंपियन इंडियन ऑयल मुंबई और इंडियन नेवी मुंबई के बीच खेला गया। खेल के तीसरे क्वार्टर के 45वें मिनट में इंडियन ऑयल के अफ्फान यूसुफ ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। खेल के चौथे क्वार्टर के 49वें मिनट में सुशील धनवार ने पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। खेल के अंतिम मिनट में इंडियन नेवी मुंबई के के सिल्वा राज ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया और मैच जीतकर दो मैचों के बाद छह अंकों के साथ लीग राउंड में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इंडियन ऑयल ने लीग राउंड के दो मैचों के बाद तीन अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उनतीस अक्टूबर को भारतीय नौसेना मुंबई बनाम भारतीय वायु सेना दिल्ली- शाम 4-30 बजे और भारतीय रेलवे दिल्ली बनाम बीएसएफ जालंधर के बीच शाम 6-15 बजे मुकाबला होगा।
