इंदौर: सिमरोल थाना क्षेत्र में आपसी विवाद और गाली-गलौज को लेकर हिंसा के मामले सामने आए हैं. पहले मामले में सगे भाइयों ने ही अपने भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया, वहीं दूसरे मामले में मामूली बात पर दो पक्षों में मारपीट हो गई.पुलिस के मुताबिक, ग्राम धावडिया निवासी विजय पिता रामकरण कोहली ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके भाई बलराम और आकाश, चाचा देवकरण के साथ गाली-गलौज कर रहे थे.
जब विजय ने उन्हें रोका और पूछा कि “चाचा को गाली क्यों दे रहे हो?”, तो दोनों आरोपी भड़क गए. विवाद इतना बढ़ा कि बलराम और आकाश ने विजय पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इधर, सिमरोल क्षेत्र के ही ग्राम मेंडल में भी मारपीट की एक अन्य घटना हुई. पुलिस ने फरियादी राहुल पिता कल्लू बागड़ी की शिकायत पर आरोपी भावसिंह पिता बंशीलाल और नदान पिता बिसन के खिलाफ केस दर्ज किया है. राहुल ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट की.
