कनाड़िया और बाणगंगा क्षेत्र में दो बड़ी वारदातें, लाखों का माल व नकदी गायब
इंदौर:शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं. बीते दिनों कनाड़िया और बाणगंगा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए का माल व नकदी उड़ा दी. दोनों ही मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.कनाड़िया थाने से मिली जानकारी के अनुसार न्यू सैटेलाइट कॉलोनी स्थित फ्लैट नंबर एल-10 में रहने वाले 51 वर्षीय शैलेन्द्र जैन ने पुलिस को बताया कि उनके घर में 7 सितम्बर की रात चोर खिड़की की ग्रिल खिसकाकर अंदर घुस गए.
चोरों ने उनके माताजी के कमरे से एक विवो और एक टेक्नो स्पार्क मोबाइल, दो सोने की अंगूठियां, लॉकर में रखा एक डायमंड सेट, 15 जोड़ी चांदी की बिछिया, पांच जोड़ी पायल, 10 चांदी के सिक्के और करीब 14 नई-पुरानी घड़ियां चोरी कर लीं. इसी तरह बाणगंगा थाना क्षेत्र के बैराठी कॉलोनी में रहने वाले 67 वर्षीय राजकुमार केशवानी ने पुलिस को बतायाकि उनकी गुरुकृपा ट्रेडर्स फैक्ट्री को भी चोरों ने निशाना बनाया.
10 सितम्बर की रात चोर ऑफिस की फ्रेम से अंदर घुसे और वहां से सीसीटीवी डीवीआर मशीन समेत करीब दो से ढाई लाख रुपए नगदी पार कर गए. दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा.
