सिगरौली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 131वें एपिसोड को सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. डॉ. राजेश मिश्रा ने मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर सुना। कार्यक्रम के बाद सांसद ने प्रधानमंत्री के संदेशों को प्रेरणादायक और मार्गदर्शक बताया।कार्यक्रम को सुनने के बाद सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि इस बार “मन की बात” में प्रधानमंत्री ने केरल की 10 वर्षीय मासूम बेटी द्वारा अंगदान के माध्यम से कई लोगों को जीवनदान देने की प्रेरक कहानी साझा की, जो पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। सांसद ने कहा कि यह पहल न केवल मानवता की मिसाल है बल्कि समाज को जागरूक करने वाला संदेश भी है। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस तरह की सकारात्मक सोच से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
सांसद ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री ने छोटे स्थानों में आधुनिक तकनीक से खेती करने के तरीकों को भी उदाहरण सहित समझाया, जिससे किसान कम संसाधनों में भी बेहतर उत्पादन कर सकते हैं। इसके साथ ही देशभर में चल रहे परीक्षा सत्र को लेकर प्रधानमंत्री ने छात्र-छात्राओं से बिना किसी डर और तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की। सांसद ने कहा कि यह संदेश विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने जे. जयललिता को भी याद करते हुए उनके योगदान को सराहा। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है, जिस पर हर भारतवासी को गर्व है। डॉ. राजेश मिश्रा, सांसद सीधी-सिंगरौली
