
चेन्नई/काठमांडू, नेपाल में माउंट एवरेस्ट के प्रमुख ट्रेकिंग रूट सोलुखुम्बु जिले में फेरिचे पहाड़ की रेंज पर मंगलवार को दो हेलिकॉप्टरों की हवा में हुई सीधी टक्कर में चेन्नई के एक पर्यटक की दुखद मौत हो गई। 4300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हेलीपैड से महज 10 फीट ऊपर ‘फिशटेल एयर’ और ‘एयर डायनेस्टी’ के हेलिकॉप्टरों की आपस में भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में चेन्नई के ओल्ड वाशरमैनपेट निवासी 47 वर्षीय वसंत कुमार बलरामरामाडु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पायलट सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के पार्थिव शरीर को काठमांडू के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद वापस चेन्नई लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
कम्युनिकेशन फेलियर के कारण एक ही समय पर लैंडिंग की कोशिश बनी वजह, सिविल एविएशन अथॉरिटी ने दिए जांच के आदेश
नेपाल की सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAAN) ने इस गंभीर विमान दुर्घटना की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वक्त फेरिचे क्षेत्र में मौसम पूरी तरह साफ था और तेज हवा का कोई प्रभाव नहीं था। शुरुआती जांच में पायलटों के बीच ‘कम्युनिकेशन फेलियर’ (संचार में चूक) को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, क्योंकि यह इलाका लुक्ला एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर के सीधे निगरानी दायरे से बाहर है, जहां पायलटों को आपसी समन्वय से लैंडिंग तय करनी होती है। जांच टीम घायलों के बयान दर्ज कर तकनीकी खराबी के पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
भारतीय दूतावास नेपाली अधिकारियों से लगातार संपर्क में, शोकाकुल परिवार के प्रति भारतीय विदेश मंत्रालय ने जताई संवेदना
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास मृतक वसंत कुमार के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए नेपाली अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों से लगातार संपर्क में है। कानूनी औपचारिकताएं और काठमांडू में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होते ही शव को विमान द्वारा चेन्नई पहुंचाया जाएगा। इस बीच चेन्नई में मृतक के ओल्ड वाशरमैनपेट स्थित निवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन गहरा सदमा में हैं। विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और शव को शीघ्र वापस लाने का आश्वासन दे रहे हैं।
