हाइवे की सर्विस रोड पीलूखेड़ी से कुरावर तक बुरी तरह उखड़ी

कुरावर/ब्यावरा। जयपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यूं तो हर जगह सर्विस मार्गो की हालत काफी खस्ताहाल है किंतु पीलूखेड़ी से कुरावर तक के सर्विस रोड की बदहाली देख हर कोई दंग रह जाता है. सर्विस रोड की स्थिति इतनी भयावह है कि इस पर से वाहनों की आवाजाही भी जैसे-तैसे हो पा रही है.

रेंगते हुए चलते वाहन

सर्विस रोड पूरी तरह उखडऩे के कारण यहां धूल और गिट्टी बिखरी पड़ी है, बीच-बीच में सर्विस रोड पर टीलेनुमा जगह बनने से वाहनों के अनियंत्रित होकर दुर्घटना होने का डर रहता है. कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैै. उखड़े सर्विस रोड के कारण वाहनों को धीरे-धीरे चलाना पड़ रहा है. रोड पर चलते वाहन रेंगते हुए नजर आते है.

वाहनों में हो रही टूटफूट

उबड़-खाबड़ सर्विस रोड के कारण हर दिन वाहनों में टूटफूट हो रही है. आये दिन टूटफूट के कारण वाहनों को सर्विस रोड पर खड़े हुए देखा जा सकता है. पीलूखेड़ी से कुरावर तक लगभग तीन किमी का सर्विस रोड बदहाली में है, वाहनों की आवाजाही के दौरान रोड पर धूल के उड़ते गुब्बार खुद ब खुद सर्विस रोड की हो रही बदहाल अवस्था को बता रहे है.

लापरवाही, अनदेखी की भेंट चढ़ा सर्विस रोड

हाईवे पर स्थित सर्विस रोड के रखरखाव के प्रति जिस तरह से लगातार अनदेखी की गई उसके चलते आज सर्विस रोड की इतनी अधिक दुर्गति हो चुकी है. यदि समय-समय पर इसकी मरम्मत की जाती तो सर्विस रोड इतना अधिक दुर्गति का शिकार नहीं होता.

टोल पूरा वसूल रहे, उखड़े मार्ग की सुध नहीं जयपुर-जबलपुर मार्ग ब्यावरा से लेकर भोपाल तक कई जगह उखड़ चुका है. विशेषकर ब्यावरा से नरसिंहगढ़, कुरावर एवं जिले की सीमा पर मौजूद पीलूखेड़ी तक हाईवे काफी बुरी तरह उखडऩे लगा है. आये दिन हाइवे पर मरम्मत का कार्य चलता रहता है. हाइवे एवं उखड़े सर्विस रोड को ठीकठाक करने गंभीरता से प्रयास नहीं हो रहे है, जबकि मार्ग पर मौजूद टोल पर राशि पूरी वसूली जा रही है.

अनहोनी का हो रहा इंतजार

जिस तरह से सर्विस रोड की बदहाली हो रही है और संबंधित विभाग द्वारा इन हालातों की घोर उपेक्षा, अनदेखी करना सामने आ रहा है, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है मानों यहां किसी अनहोनी का इंतजार है. समय रहते यदि उखड़े सर्विस रोड को दुरस्त कर व्यवस्थित नहीं किया गया तो ये हालात कभी भी कोई अनहोनी का कारण बन सकते है.

 

Next Post

महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश चैंपियन , पुरुष वर्ग में पंजाब ने जीती विजेता ट्रॉफी

Thu Dec 11 , 2025
लखनऊ, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश ने 37वीं फेडरेशन कप हैंडबॉल (पुरुष व महिला) चैंपियनशिप के महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश का सपना तोड़ते हुए 33-19 से दमदार जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में पंजाब की टीम ने तेज खेल व सटीक रणनीति की बदौलत राजस्थान को 32-23 […]

You May Like

मनोरंजन