महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश चैंपियन , पुरुष वर्ग में पंजाब ने जीती विजेता ट्रॉफी

लखनऊ, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश ने 37वीं फेडरेशन कप हैंडबॉल (पुरुष व महिला) चैंपियनशिप के महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश का सपना तोड़ते हुए 33-19 से दमदार जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में पंजाब की टीम ने तेज खेल व सटीक रणनीति की बदौलत राजस्थान को 32-23 से हराते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित चैंपियनशिप मे महिला वर्ग के फाइनल में हिमाचल प्रदेश ने मेजबान उत्तर प्रदेश को 33-19 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में शुरू में दोनों ही टीमों के मध्य कांटे की टक्कर हुई। इस दौरान मेजबान लड़कियों ने भी खासी फुर्ती दिखाई लेकिन हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ियों ने अपने अनुभव व तालमेल के सहारे दबाव बनाया और मध्यांतर तक 18-9 की मजबूत बढ़त बना ली। मध्यांतर के बाद हिमाचल की खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज अपनाया जबकि यूपी की खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश की लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर चूक टीम पर भारी पड़ी। हिमाचल प्रदेश से शिवानी ने सर्वाधिक आठ गोल दागे।

पुरुष वर्ग की चैंपियन पंजाब बनी जिसने फाइनल में राजस्थान को 32-23 से शिकस्त दी। पहले हॉफ में दोनों ही टीमों ने तेजतर्रार आक्रमण किए जिसके चलते पंजाब मध्यांतर तक 13-11 की मामूली बढ़त पर था। दूसरे हॉफ में प्रतिद्वंद्वी के अटैक का जवाब पंजाब के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल की बदौलत दिया और मैच पर पकड़ मजबूत करते हुए नौ गोल के अंतर से विजेता ट्रॉफी जीत ली।

पंजाब से जगमीत ने सबसे अधिक 10 गोल किए। जसमीत ने 7, संजू ने 6, गुरजिंदर ने 3, गौरव व इंदर ने 2-2 हरमन व रविंद्र पाल ने 1-1 गोल किए। राजस्थान से रोहताष ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 11 गोल किए। लोकेंद्र सिंह ने 5, करन सिंह ने 2, रविंद्र, अनिल व कुलदीप ने 1-1 गोल किए। फाइनल का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया गया।

हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने विजेताओं सहित प्रतिभागी टीमों में शामिल खिलाड़ियों को बधाई दी।

Next Post

‘धुरंधर’ ने उड़ाए बॉक्स ऑफिस के होश

Thu Dec 11 , 2025
बॉक्स ऑफिस पर बुधवार का दिन पूरी तरह रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ के नाम रहा। छह दिन में 180 करोड़ का कलेक्शन पार कर फिल्म तेजी से 300 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है। बॉक्स ऑफिस पर बुधवार का दिन धमाकेदार रहा, खासकर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के […]

You May Like